कानपुर में बाल संरक्षण गृह की अतिरिक्त बालिकाओं को सुरक्षित स्थान पर रखने को लेकर पिछले कई दिनों से चल रही कवायद गुरुवार को पूरी हो गई। जिलाधिकारी डॉ. ब्रह्मदेव राम तिवारी ने स्वरूप नगर स्थित महिला शरणालय की संवासिनियों को कल्याणपुर के श्रमिक हॉस्टल में स्थानांतरित करने का निर्देश दिया है।
जबकि बाल संरक्षण गृह, स्वरूप नगर में अतिरिक्त संख्या में रह रहीं बालिकाएं महिला शरणालय परिसर में ही रखी जाएंगी। जिलाधिकारी ने जिला प्रोबेशन अधिकारी अभय कुमार को कल्याणपुर के महिला श्रमिक हॉस्टल को जल्द तैयार कराने के निर्देश दिए हैं।
महिला कल्याण एवं बाल संरक्षण विभाग की उपनिदेशक श्रुति शुक्ला ने सुबह महिला श्रमिक हॉस्टल, कल्याणपुर का निरीक्षण यहां की व्यवस्थाएं देखीं। बताया गया कि एक सप्ताह में हॉस्टल तैयार हो जाएगा। जिला प्रोबेशन अधिकारी ने बताया कि बाल संरक्षण गृह की करीब 35 बालिकाएं सीएसए और अन्य कॉलेजों में पढ़ती हैं।
साथ ही पॉक्सो एक्ट के तहत रह रहीं बालिकाओं को आए दिन स्वास्थ्य परीक्षण के लिए हैलट ले जाया जाता है। ऐसे में इन्हें स्वरूप नगर के बाल संरक्षण गृह में रखना ही उचित रहेगा। गृह की 171 बालिकाएं स्वरूप नगर में अगल-बगल परिसर में रहेंगी।