यूपी के उन्नाव में आईबीपी तिराहा के निकट से युवती के अपहरण की सूचना से पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। युवती को ढूंढने के लिए पुलिस रात भर दौड़ती रही। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने एक युवक का नंबर सर्विलांस पर लगाया। लगभग 12 घंटे बाद गुरुवार भोर पहर युवती को दही चौकी के पास स्कॉर्पियो से बरामद किया गया।
पुलिस ने दो युवकों को हिरासत में लिया है। पूछताछ में युवक व युवती ने पहले से एक दूसरे को जानने की बात बताई। पुलिस घटना की जांच कर रही है। बुधवार रात सदर कोतवाली पुलिस को सूचना मिली थी कि शहर के कल्याणी मोहल्ला में अपनी शादीशुदा बहन के घर आई दो बहनों में एक युवती को स्कार्पियो सवार युवक जबरन बैठाकर चले गए।