कानपुर देहात के डेरापुर मुवईमुक्ता गांव में दहेज में कार देने से इंकार करने पर लड़की वालों ने लडक़े वालों पर शादी करने से मना करने का आरोप लगाया है। मामला एसपी तक पहुंचने पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए। पुलिस ने सात लोगों के खिलफ रिपोर्ट दर्ज की है।
मवई मुक्ता गांव के विश्वनाथ की बेटी रोली की शादी जरौली गांव के लक्ष्मीकांत के बेटे अविनाश के साथ तय हुई थी। विश्वनाथ ने एसपी अनुराग वत्स को बताया कि गोद भराई के बाद 14 जुलाई को वरीक्षा का कार्यक्रम हुआ। वरीक्षा के समय अविनाश सहित परिजनों ने पांच लाख रुपए नकद व 80 हजार रुपये का सामान लिया था।
23 नवंबर को शादी होना तय हुआ। अविनाश व उसके परिवारीजनों ने 20 अक्तूबर को उससे दहेज में कार की मांग की। इसपर लड़की पक्ष के लोगों ने मना कर दिया। आरोप लगाया कि अविनाश, उसके पिता लक्ष्मीकांत, अमित कुमार, विनय कुमार, नवीन कुमार, मां चंद्र कांती व श्वेता देवी ने शादी करने से मना कर दिया।
एसपी ने मामले में डेरापुर पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए थे। थाना प्रभारी नीरज यादव ने बताया कि एसपी के निर्देश पर रिपोर्ट दर्ज कर छानबीन शुरू की गई है। जल्द ही आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।