लड़की के चक्कर में हुए बवाल के दौरान दो छात्रों के सिर फट गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामला शांत कराया।
छात्रा से छेड़छाड़ की घटना पर सोमवार को चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में छात्रगुट भिड़ गए थे। मारपीट में बीएससी के छात्र दिनेश सिंह सहित दो छात्रों का सिर फट गया और उन्हें कुलवंती अस्पताल में एडमिट कराना पड़ा। मामले की सूचना पाकर डीन ऑफ स्टूडेंट अफेयर्स सहित तमाम अधिकारी मौके पर पहुंचे और बीच बचाव करके मामला शांत कराया।
कक्षा में पढ़ाई के बाद हॉस्टल जा रही एक छात्रा से छेड़छाड़ का मामला सामने आया और इसकी शिकायत प्रशासनिक अधिकारियों से भी की गई लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। इसी मामले पर सोमवार को राय साहब राय बहादुर और कर्पूरी ठाकुर छात्रावास के स्टूडेंट आमने-सामने आ गए। इन सबमें जमकर मारपीट हुई। पत्थर चले और लाठी-डंडों से वार किए गए। इससे दो छात्रों को गंभीर चोटें आईं। जमकर बवाल हुआ लेकिन प्रशासनिक अधिकारियों ने मामले की सूचना पुलिस को नहीं दी। डीन प्रो. पीके उपाध्याय का कहना है कि इस मसले पर मंगलवार को वार्डेन की मीटिंग बुलाई गई है। चर्चा के बाद आगे की कार्रवाई होगी। डीन ने कहा कि मारपीट का आरोप शैलेंद्र पाल, राहुल यादव और कृष्ण पर लगा है। इन सबको नोटिस देकर जवाब मांगा जाएगा।