कन्नौज में शुक्रवार को एक किशोरी ने आपत्तिजनक फोटो सोशल साइट पर पोस्ट करने की धमकी से तंग आकर जहर खाकर जान दे दी। पिता ने मां-बेटे पर जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत की सही वजह पता चलने की बात कही है।
पीड़ित पक्ष की ओर से अभी तहरीर नहीं दी गई है। सदर कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी पिता ने बताया कि वह मेहनत मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता है। 12 मार्च को वह परिवार के साथ काम करने बाहर गया था। घर पर 14 वर्षीय पुत्री अकेली थी। शाम को घर लौटे चाचा ने भतीजी को घर में बेहोशी की हालत में देखा।
उस समय एक युवक व उसकी मां भी पास में बैठी थीं। भाई ने उन्हें जानकारी देने के बाद भतीजी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। यहां उपचार के दौरान बेटी ने दम तोड़ दिया। मृतका के पिता का आरोप है कि एक युवक ने अपनी मां के साथ मिलकर बेटी को जहर खिलाकर मार दिया। युवक काफी दिनों से पुत्री को परेशान कर रहा था।
बेटी की आपत्तिजनक फोटो खींचकर उसे सोशल साइट पर पोस्ट करने की धमकी दे रहा था। शिकायत करने पर पुत्री को जान से मारने की धमकी भी दी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच की तो उसके घर से कीटनाशक दवा बरामद हुई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रभारी निरीक्षक नागेेंद्र पाठक ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। अभी तक पिता ने तहरीर नहीं दी है। तहरीर व पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आरोपियों पर कार्रवाई की जाएगी।