इन दिनों फेसबुक का क्रेज लोगों के सिर चढ़कर बोल रहा है। जिस वजह से इस पर अपराधों की संख्या बढ़ रही है व उनके तरीके भी आधुनिक होते जा रहे हैं। ऐसा ही एक मामला यूपी के इटावा में देखने को मिला है। जहां फेसबुक गैंग ने एक हाईस्कूल में पढ़ने वाली छात्रा को बदमान किया और बदनामी न झेल पाने की वजह से मौत को गले लगा लिया।
फेसबुक पर युवतियों की फोटो काटकर किसी अन्य ग्रुप पर डालकर उनको बदनाम करने वाले गैंग के लोगों से परेशान अहेरीपुर की एक नाबालिग युवती ने आत्महत्या कर ली थी। उसकी फोटो अहेरीपुर के नाम से चलने वाले फेसबुक यूजर ग्रुप पर डाल दिया गया था। युवती कक्षा दस की छात्रा थी। पिता ने दस दिन बाद एक फेसबुक यूजर के विरुद्ध आईटी व पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कराया है।
थाना के कस्बा अहेरीपुर निवासी लज्जाराम ने बकेवर थाना में मामला दर्ज कराया कि उनकी पुत्री शिवानी उम्र करीब 14 वर्ष महेवा कॉलेज में कक्षा 10 में पढ़ती थी। उसके पास एक मोबाइल फोन था। उसकी दिलीप चक नाम से फेसबुक पर आईडी थी। जिस पर शिवानी ने अपनी फोटो लगा रखी थी। उसकी फेसबुक आईडी से किसी रिया शर्मा नाम की फेसबुक आईडी यूजर ने फोटो काटकर अहेरीपुर नाम के ग्रुप पर डाल दिया था।
जिस पर कई लोगों ने गंदे-गंदे कमेंट किए। जब लड़की शिवानी ने इसको देखा तो उसने शर्म के मारे गत 22 अक्तूबर को घर के अंदर ही फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। पुलिस ने युवती के शव का पोस्टमार्टम करा दिया था। पुलिस ने पिता के प्रार्थना पत्र पर रिया शर्मा फेसबुक आईडी के विरुद्ध आत्महत्या के लिए प्रेरित करने, छेड़खानी, आईटी व पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की विवेचना सीओ भरथना विकास जायसवाल कर रहे हैं।