घाटमपुर थानाक्षेत्र में कोर्ट के आदेश पर राजस्व टीम के साथ जमीन का चिह्नांकन कराने पहुंची महिला दरोगा से फौजी की पत्नी ने मारपीट कर दी। पुलिस ने दरोगा की तहरीर पर महिला व उसके पति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। घाटमपुर निवासी बदलू कुरैशी और उमर खां के बीच कोर्ट में वाद चल रहा था। कोर्ट ने राजस्व टीम को जमीन का चिह्नांकन करने के आदेश दिए थे।
आदेश का पालन कराने के दौरान लेखपाल ने दोनों पक्षों को नोटिस जारी किया लेकिन एक पक्ष चिह्नांकन का विरोध कर रहा था। लेखपाल की रिपोर्ट पर कोर्ट ने चिह्नांकन के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल मुहैया कराने के आदेश दिए। शनिवार शाम पुलिस की मौजूदगी में राजस्व टीम ने मूसानगर रोड पर स्थित जमीन का चिह्नांकन किया और फिर एक पक्ष ने जमीन पर पिलर लगाना शुरू कर दिया। इस पर सैन्य कर्मी हसन की पत्नी रुबीना खातून ने विरोध शुरू कर दिया और पिलर लगाने वाले स्थान पर बैठ गई।