खाताधारक व्यापारियों से 100-50 के नोटों के रूप में नकदी जमा करवाकर बंटवाई गई
- फोटो : अमर उजाला
टोकन सिस्टम से ग्राहकों को राहत मिलने संबंधी अमर उजाला की खबर पर कानपुर, बिरहाना रोड स्थित पीएनबी मुख्य ब्रांच के अधिकारियों ने सकारात्मक रुख दिखाया है। शुक्रवार से ग्राहकों को टोकन दिए जाएंगे और एटीएम से 2000-100 के नोट भी मिलने लगेंगे। वहीं, बृहस्पतिवार को ग्राहकों की सुविधा के लिए अलग-अलग कामों के लिए अलग-अलग लाइनें लगवाई गईं। शाखा में पैसा खत्म होने पर खाताधारक व्यापारियों से 100-50 के नोटों के रूप में नकदी जमा करवाकर बंटवाई गई। हालांकि टोकन सिस्टम न होने से लोगों को घंटों लाइनों में लगना पड़ा। ब्रांच के सहायक महाप्रबंधक राजेश चंद्र प्रकाश सक्सेना ने बताया कि ग्राहकों को सुविधाएं देने के प्रयास लगातार किए जा रहे हैं। जमा, निकासी, नोट बदलने आदि के लिए अलग-अलग लाइनें होने से लोगों को राहत मिली है। शुक्रवार से ग्राहकों को टोकन दिए जाएंगे। नए नोटों के लिहाज से शाखा का एटीएम अपडेट कर दिया गया है। पीएनबी, एसबीआई, कोटक महिंद्रा समेत कई बैंकों के एटीएम से रुपया निकलने लगा। इसके चलते लोगों की लाइनें बैंकों से ज्यादा एटीएम पर दिखीं। बैंक अधिकारियों के मुताबिक शुक्रवार से और अधिक एटीएम काम करने लगेंगे।
घंटाघर निवासी सुमन ने बताया कि घर में जरूरत का सामान लगभग खत्म है। रुपयों के लिए सारे कामकाज छोड़कर दो घंटे से लाइन में लगी हूं। बीते दिनों की तुलना में आज थोड़ी राहत है।
रेल बाजार निवासी शमा ने बताया कि छोटे बच्चे को घर पर छोड़कर दो घंटे से लाइन में लगी हूं। पैसा निकालने वाला फार्म भी मिलने में दिक्कत हो रही है। यदि टोकन सिस्टम लागू हो जाए, तो इतना समय न बरबाद हो।
उन्नाव निवासी राजू ने बताया कि सुबह 11 बजे से ही लाइन में लगे हैं। अब तक नंबर नहीं आया है। घर में पैसा खत्म है। उन्नाव की बैंकों में पैसा नहीं होने के कारण यहां आया हूं। पता नहीं कब नंबर आएगा।