कानपुर देहात। अकबरपुर के कुंभी में मेडिकल कॉलेज के निर्माण कार्य का बुधवार को डीएम जेपी सिंह ने निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यदायी संस्था लोक निर्माण विभाग के अफसरों को तेजी से और गुणवत्ता युक्त काम कराने के निर्देश दिए।
अकबरपुर के कुंभी के पास मेडिकल कॉलेज बनाने के लिए 250 करोड़ रुपये की मंजूरी मिली है। पहली किस्त में 20 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। इस पर अब यहां काम शुरू कराया गया है। यहां चिह्नित भूमि के पास निकली विद्युत लाइन को शिफ्ट करा दिया गया है। अब लोक निर्माण विभाग बाउंड्री वॉल और पिलर बनाने का काम करा रहा है।
बुधवार को डीएम जेपी सिंह ने निर्माण कार्य की प्रगति जांची। लोक निर्माण विभाग के एक्सईएन ने बताया कि पिलर बनाए गए हैं इनकी फिनिशिंग का काम होना है। डीएम ने कहा कि मेडिकल कॉलेज बनने से जिले में ही बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी। उन्होंने कार्यदायी संस्था के एक्सईएन प्रकाश चंद्र को समयबद्ध काम कराने को कहा। यहां एडीएम प्रशासन पंकज वर्मा व एसडीएम सदर राजीव राज आदि मौजूद रहे।