कानपुर देहात। सीएमओ व परियोजना अधिकारी प्राथमिकता से ऑक्सीजन प्लांट स्थापित कराने के लिए काम करें। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही न की जाए। यह बातें शनिवार को जिलाधिकारी जेपी सिंह ने टीम-नाइन की समीक्षा बैठक में कहीं।
बैठक में डीएम ने कहा कि अस्पतालों में उपचार के लिए आने वाले मरीजों के लिए ऑक्सीजन की कमी न हो इसके लिए प्लांट लगवाने का काम जल्द पूरा कराएं। स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि अब जिले में कोरोना के मरीजों की संख्या लगातार घट रही है।
शनिवार को दो लोग संक्रमित निकले हैं। अब जिले में 47 एक्टिव केस बचे हैं। इसमें से 31 मरीजों का होम आइसोलेशन में उपचार किया जा रहा है। जबकि एल-टू अस्पताल में तीन मरीज भर्ती हैं।
अन्य मरीजों का उपचार प्राइवेट नर्सिंग होम में चल रहा है। बताया गया कि तीस गांवों में 50 जगहों पर वैक्सीनेशन का काम किया गया। इस दौरान एडीएम प्रशासन पंकज वर्मा, सीएमओ डॉ. राजेश कटियार, जिला सूचना अधिकारी नरेंद्र मोहन आदि मौजूद रहे।
अब बीस वेंटिलेटर हुए चालू
कानपुर देहात। समीक्षा बैठक के दौरान स्वास्थ्य विभाग की ओर से बताया गया कि पहले एल-टू अस्पताल में चार वेंटिलेटर सक्रिय थे। अब सक्रिय वेंटिलेटर की संख्या बीस हो गई है। इधर, एडीएम वित्त एवं राजस्व साहब लाल ने बताया कि अब तक 1517 श्रमिकों का डाटा फीड हो चुका है। कुल श्रमिकों की संख्या बढ़कर 7882 हो गई है।
18 से ऊपर वालों के लिए रविवार से बुक होगा टीकाकरण का स्लॉॅट
कानपुर देहात। एक जून से जिले में 18 से 44 साल तक के लोगों का टीकाकरण शुरू किया जाएगा। डीएम जेपी सिंह ने बताया कि जिले के लोग रविवार सुबह दस बजे से अपना स्लॉट बुक करा सकते हैं। इससे उनका समय पर टीकाकरण हो सकेगा।