कानपुर। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) में सेंट्रल जोन इंटर यूनिवर्सिटी फुटबॉल पुरुष प्रतियोगिता 2026-27 का भव्य शुभारंभ शनिवार को हुआ। प्रतियोगिता के पहले दिन खेले गए मुकाबलों में एमजीकेवीपी यूनिवर्सिटी ने महात्मा ज्योतिबा फुले रोहिलखंड विश्वविद्यालय बरेली को शिकस्त दी। गौतम बुद्ध यूनिवर्सिटी ने शारदा यूनिवर्सिटी को पेनाल्टी शूटआउट में हराकर जीत दर्ज की।
पहले मुकाबले में एमजीकेवीपी यूनिवर्सिटी की टीम ने पहले हाफ में दो गोल दागकर अपनी स्थिति मजबूत कर ली। दूसरे हाफ में एमजीकेवीपी ने एक और गोल किया। राेहिलखंड विवि ने एक गोल किया पर मैच में वापसी न कर सकी। इस तरह एमजीकेवीपी ने 3-1 से जीत अपने नाम की। दूसरे मुकाबले में गौतम बुद्ध यूनिवर्सिटी और शारदा यूनिवर्सिटी के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। दोनों टीमों ने निर्धारित समय में दो-दो गोल किए और मुकाबला दो-दो की बराबरी पर समाप्त हुआ। इसके बाद हुए पेनाल्टी शूटआउट में गौतम बुद्ध यूनिवर्सिटी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की।
प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि वरिष्ठ आयुर्वेदाचार्य डॉ. वंदना पाठक ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। इस अवसर पर प्रति कुलपति प्रो. सुधांशु पांडिया, रजिस्ट्रार राकेश कुमार मिश्रा, डॉ. प्रभाकर पांडेय, डॉ. श्रवण कुमार यादव, शुभम हजारिया, सौरभ तिवारी, डॉ. राजेश प्रताप सिंह, डॉ. आशीष कुमार कटियार और डॉ. निमिषा सिंह कुशवाहा आदि उपस्थित रहे।