कानपुर। स्व. नागेंद्र स्वरूप स्मारक अंडर-16 क्रिकेट टूर्नामेंट में सोमवार को गौरी माजिद इलेवन ने लक्ष्मी हजारिया इलेवन को चार विकेट से और सकर इलेवन ने दिनेश मिश्रा इलेवन को आठ विकेट से हराया। डॉ. वीरेंद्र स्वरूप क्रिकेट एकेडमी की ओर से आयोजित दोनों मैच फूलबाग स्थित डीएवी मैदान पर खेले गए।
पहले मैच में लक्ष्मी हजारिया इलेवन ने 20 ओवर में चार विकेट पर 139 रन बनाए। टीम से पार्थ शुक्ला ने 43 व शिवांश शर्मा ने 45 रन बनाए, तो गेंदबाजी में दिव्यांश गुप्ता ने दो व शिवम ने एक विकेट झटका। वहीं गौरी माजिद इलेवन ने 17.3 ओवर में छह विकेट पर 140 रन बनाकर मैच जीता। टीम से अव्यांश पांडेय ने 83 व दिव्यांश गुप्ता ने 44 रन बनाए, तो गेंदबाजी में अंश यादव ने दो विकेट लिए। प्लेयर ऑफ द मैच अव्यांश रहे।
दूसरे मैच में दिनेश मिश्रा इलेवन की पूरी टीम 15.1 ओवर में 52 रन पर आउट हो गई। टीम से दिव्यांश सिंह ने सर्वाधिक 12 रन बनाए, तो गेंदबाजी में प्रखर ने चार, अभिशांत सिंह व प्रतीक साहू ने दो-दो विकेट झटके। वहीं सकर इलेवन ने 9.3 ओवर में दो विकेट पर 54 रन बनाकर मैच जीता। टीम से अमान ने 18 व स्वास्तिक ने 17 रन बनाए, तो गेंदबाजी में सार्थक ठाकुर ने एक विकेट चटकाया। प्लेयर ऑफ द मैच प्रखर रहे।
टूर्नामेंट का शुभारंभ मुख्य अतिथि आईएम रोहतगी, आलोक मिश्रा ने किया। संचालन माजिद इरशाद ने किया। इस मौके पर विशिष्ट अतिथि वीरेंद्र शुक्ला, रामगोपाल शर्मा पायलट, मो. याकूब, रवि सक्सेना, मुकेश पालीवाल, सगीर, टूर्नामेंट सचिव एहसान इमरान आदि मौजूद रहे।