कानपुर। चकेरी पुलिस व सर्विलांस टीम ने गोकशी के मामले में छह साल से फरार चल रहे गैंगस्टर एक्ट के आरोपी 20 हजार के इनामिया को गिरफ्तार किया है। एडीसीपी पूर्वी शिवा सिंह ने बताया कि वाहिद उर्फ वाजिद मूल निवासी टाण्डा, रामपुर का रहने वाला है। वर्तमान में वह उत्तराखंड के उधम सिंह नगर, बरैनी में रह रहा था। वह शातिर अपराधी है। उसके खिलाफ वर्ष 2020 में चकेरी थाने में गैंगस्टर एक्ट की रिपोर्ट दर्ज हुई थी। तब से वह फरार था। बीते रविवार की देर रात आरोपी को रामादेवी रैंप के पास से गिरफ्तार किया गया। एडीसीपी पूर्वी ने बताया कि वह शहर में अपने मुकदमे की पैरवी के लिए कचहरी आया था। उस पर गैंगस्टर एक्ट, गोवध निवारण अधिनियम, आर्म्स एक्ट, लूट, हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में 10 मामले दर्ज हैं। संवाद