हमीरपुर में करीब 20 दिन पहले ललपुरा थानाक्षेत्र के टीकापुर मौरंग खदान में फायरिंग करने व अगले दिन कुरारा थानाक्षेत्र के कंडौर गांव स्थित मौरंग खदान में पोकलैंड मशीन जलाकर दहशत फैलाने के मामले के कानपुर के शिवली निवासी हिस्ट्रीशीटर 15 हजार रुपये के इनामी बदमाश को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
आरोपी के कब्जे से पुलिस ने एक किलो 50 ग्राम चरस, बाइक, तमंचा बरामद किया है। बरामद चरस की कीमत करीब ढाई लाख रुपये बताई गई है। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ जिले में पांच व कानपुर जिले में 13 मुकदमे दर्ज हैं।
रविवार की दोपहर दो बजे पुलिस लाइन सभागार में एसपी श्लोक कुमार ने बताया कि ललपुरा थानाध्यक्ष रीता सिंह, एसआई दिलीप कुमार यादव, कांस्टेबल अभिनव प्रताप, प्रिंस यादव, स्वाट टीम प्रभारी अखिलेश सिंह, एसआई अनुपम यादव सहित अन्य ने शनिवार शाम करीब साढ़े चार बजे ललपुरा थानाक्षेत्र के कलौलीजार से बांकी रोड के पास वाहन चेकिंग कर रहे थे, तभी काले रंग की बाइक को रोककर चेक किया गया।
बाइक चला रहे युवक राघवेंद्र उर्फ छोटू पुत्र रामबख्श उर्फ प्रवीण कुमार उर्फ रामबहादुर निवासी ग्राम विक्रमपुर थाना शिवली, जनपद कानपुर की तलाशी लेने पर उसके पास से एक किलो 50 ग्राम चरस, एम तमंचा व चार कारतूस बरामद किए।
पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने टीकापुर में फायरिंग करने व कंडौर मौरंग खदान में पोकलैंड मशीन को जलाने की बात स्वीकार की। एसपी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ 15 हजार रुपये का इनाम घोषित था। बताया कि इसके खिलाफ जिले के ललपुरा थाने में चार, मौदहा कोतवाली में एक व कानपुर नगर के सचेंडी, नौबस्ता, बर्रा, बिठूर, शिवली, मंगलपुर व रूरा थाने अलग अलग 13 मुकदमे दर्ज हैं।