पीड़ित की मां ने मामले की शिकायत पुलिस थाना में दर्ज करवा दी है।
विजय नगर में मोहल्ले के युवक ने रिश्तेदारों के साथ मिलकर हाईस्कूल की छात्रा को नशीली कोल्ड ड्रिंक पिलाकर गैंगरेप किया। हालत बिगड़ने पर उसे घर के बाहर फेंककर आरोपी भाग रहे थे तभी इलाकाई लोगों ने एक आरोपी को दबोचकर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने देर रात दो अन्य आरोपियों को भी दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया है। छात्रा को परिजनों ने जच्चा-बच्चा हॉस्पिटल में भर्ती कराया है।
विजय नगर अंबेडकर बस्ती में फल विक्रेता का परिवार रहता है। इनकी 16 वर्षीय छोटी बेटी हाईस्कूल की छात्रा है। शनिवार शाम मोहल्ले के गोलू ने छात्रा को झांसे में लेकर घर बुलाया और नशीली कोल्ड ड्रिंक पिलाकर रिश्तेदारों चिंटू, छोटू, अभय, शुभम के साथ गैंगरेप किया। उधर बेटी के लापता होने पर परिजनों ने पूरा इलाका छान डाला लेकिन बेटी का कुछ पता नहीं चला।
दूसरी ओर छात्रा की हालत बिगड़ती देख आरोपियों ने बेहोशी की हालत में उसे घर के बाहर फेंक दिया और भागने लगे। तभी शक होने पर इलाकाई लोगों ने चिंटू को दबोच लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। चिंटू के बताने पर दो और आरोपी पकड़े गए। एसएसपी शलभ माथुर ने बताया कि पिता की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ गैंगरेप का मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर अन्य की धरपकड़ के लिए दबिश दी जा रही है।