गंगा कटरी के भोपालपुरवा गांव मेंं बाढ का पानी आने के कारण जानवरों के लिए चारा लेकर जाते बुजुर्ग
- फोटो : संवाद
कानपुर। नरौरा बांध से छोड़े गए पानी की वजह से गंगा के जल स्तर में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। सरसौल ब्लॉक के डोमनपुर गंगा घाट की तरफ सैकड़ों बीघा फसल जलमग्न हो गई। घरों में पानी घुसने से लोग परेशान होकर सुरक्षित स्थानों की ओर आ रहे हैं।
बाढ़ से फसलों और सब्जियों को भारी नुकसान हुआ है। सब्जियों में करेला, तरोई, भिंडी तो फसलों में धान और तिली की फसल जलमग्न हो गई है। कुछ किसानों ने बंधा लगाकर पानी को रोकने का प्रयास किया लेकिन यह युक्ति काम नहीं आई। बलुई मिट्टी होने के कारण पानी पूरे में फैल गया और देखते ही देखते फसल जलमग्न हो गई।
गोशाला गांव की तरफ भी किनारे-किनारे पानी फैल गया है। उपजिलाधिकारी विवेक मिश्रा ने बताया कि बाढ़ क्षेत्रों की लगातार निगरानी की जा रही है। राहत शिविर भी बनाए गए हैं।