शिवराजपुर (बिल्हौर)। सावन के चौथे सोमवार को क्षेत्र के खेरेश्वर गंगा घाट पर कोरोना संक्रमण के चलते किसी भी दशा में श्रद्धालु स्नान नहीं कर सकेंगे। इसके लिए पुलिस प्रशासन अलर्ट है, वहीं संक्रमण के चलते शिव मंदिरों को पहले से ही बंद किया जा चुका है।
कोरोना संक्रमण के चलते सामाजिक दूरी का पालन कराने के लिए प्रशासन द्वारा क्षेत्र के मंदिरों को पहले ही बंद कराया जा चुका है पर पिछले सोमवार को सोमवती अमावस्या पर गंगा तट पर भारी भीड़ पहुंचने से अव्यवस्था फैल गई थी। मामला सोशल मीडिया पर आने के बाद अधिकारियों ने थाना पुलिस को फटकार लगाई थी।
इसके चलते सावन के चौथे सोमवार को पहले से ही अधिकारियों ने भीड़ न जुटने देने के लिए कमर कस ली है। इसके चलते गंगा रोड पर बैरिकेडिंग लगाने के साथ ही अन्य मार्गों पर पुलिस बल तैनात करने की योजना है। एसओ शिवराजपुर शेष नारायण पांडे ने बताया कि गंगा तट पर किसी भी श्रद्धालुओं को किसी भी कीमत पर नहीं पहुंचने दिया जाएगा। इसके लिए एक कंपनी पीएसी सहित कई थानों का फोर्स की चप्पे-चप्पे पर तैनात रहेगा। कानून का उल्लंघन करने वालों पर वैश्विक बीमारी अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।