कानपुर में सोमवार को हर ओर गणेश महोत्सव की धूम है। ‘गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस जल्दी आना’ के उद्घोष के साथ सोमवार को श्री गणेश महोत्सव के पंडालों से गाजे बाजे के साथ प्रथम आराध्य का विसर्जन जुलूस निकाला गया। ढोल ताशों की धुन पर अबीर गुलाल के बादल उड़ाकर भक्तों ने भगवान गजानन को विदा किया। इसके पहले विधि विधान से आराधना कर परिवार की सुख समृद्धि मांगी। गणेश मूर्ति का पूजन कर वैदिक मंत्रोचार के साथ विसर्जन किया गया।
हेलमेट पहनकर बप्पा की आरती उतारी
कानपुर के बर्रा विश्व बैंक, जे सेक्टर में 15वें गणेश उत्सव के दौरान रविवार को जन अधिकार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने हेलमेट लगाकर गणपति बप्पा की आरती उतारी। इस मौके पर शहरियों से हेलमेट पहनने और सीट बेल्ट लगाने की अपील की। यहां पर प्रदेश अध्यक्ष सुरेश त्रिपाठी, संदीप सचान, सुधीर तिवारी, स्वदेश पांडेय, विवेक दीक्षित, आशीष त्रिपाठी, वैभव मिश्रा, सुशील मिश्रा, नरेंद्र वर्मा, लल्ला सचान, शिव शंकर उपाध्याय मौजूद थे। बर्रा चार में गणेश उत्सव के तीसरे दिन पं. धीरज तिवारी ने आरती कराई। बच्चों ने डांस से तालियां बटोरीं। छोटे-छोटे बच्चों ने झांकियां पेश की।