कानपुर। प्रदेश के दो शहरों बिजनौर और बलिया से होकर 31 को महानगर आने वाली गंगा यात्रा का स्वागत और गंगा आरती और गंगा पूजन अटल घाट पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। आरती और पूजन का कार्यक्रम संपन्न कराने के लिए 11 आचार्यों की टीम वाराणसी से यहां देर शाम आ गई। शुक्रवार को गंगा आरती दोपहर में 12 बजे होगी।
पता चला है कि उप प्रदेश पर्यटन विभाग की तरफ से गंगा यात्रा के दौरान जगह-जगह होने वाली आरती और पूजन के लिए प्रशिक्षित आचार्यों की टीम बना रखी है। इन्हीं के माध्यम से आस्था और अध्यात्म के इस पर्व को पूरा किया जाएगा। बृहस्पतिवार को जिलाधिकारी डा. ब्रह्मूदेव राम तिवारी और क्षेत्रीय पर्यटन विभाग के अधिकारी अनुपम श्रीवास्तव ने अटल घाट पहुंचकर आरती और पूजा की तैयारियों का जायजा लिया। तय किया गया है कि अटल घाट पर सिर्फ 20 मिनट का आयोजन होगा। इसके बाद गंगा बैराज के पास बने निषाद पार्क में जनसभा होगी। डीआईजी अनंत देव तिवारी ने भी अपनी टीम के साथ पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जायजा लिया।