फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सीएसजेएमयू के पांच हजार से अधिक छात्रों का भविष्य दांव पर, ओएमआर शीट भरने में हुई चूक

Sat, 08 Jun 2019 01:04 AM IST
प्रशांत कुमार एजुकेशन डेस्क, अमर उजाला, कानपुर
विज्ञापन
छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (फाइल फोटो)
विज्ञापन
छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) कानपुर, से संबद्ध महाविद्यालयों से स्नातक की पढ़ाई करने वाले पांच हजार से अधिक छात्र-छात्राओं का भविष्य दांव पर लग गया है। इन छात्रों के स्नातक फाइनल ईयर के रिजल्ट अभी तक नहीं जारी हो पाए हैं। अगर शनिवार तक इनके परिणाम जारी नहीं होते हैं तो यह छात्र बीएड की काउंसलिंग में हिस्सा नहीं ले पाएंगे। इसको लेकर शुक्रवार को बड़ी संख्या में विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक के पास छात्रों की भीड़ लगी। कई छात्र तो परीक्षा नियंत्रक के सामने फूट-फूटकर रो भी पड़े।
विज्ञापन


दरअसल इस बार बड़ी संख्या में ओएमआर शीट भरने में छात्रों की लापरवाही सामने आई है। छात्रों ने ओएमआर शीट में पूछी गई सभी जानकारियों का कॉलम ही नहीं भरा। छात्रों की इस चूक के लिए परीक्षा के समय ड्यूटी पर लगाए गए कक्ष निरीक्षक भी जिम्मेदार हैं। यह उन्हीं की जिम्मेदारी है कि ओएमआर शीट या फिर उत्तरपुस्तिका में छात्रों की पूरी जानकारी होनी चाहिए। जब इन छात्रों का रिजल्ट नहीं जारी हुआ तो ये गलतियां सामने आने लगीं।

इसके बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने ऐसे कॉलेजों से छात्रों की सभी सूचनाएं मांगी। कॉलेजों ने सही समय पर जानकारी उपलब्ध नहीं कराई। अब बीएड काउंसलिंग के लिए शनिवार को रजिस्ट्रेशन की अंतिम तिथि है। ऐसे में अगर इन छात्रों का रिजल्ट नहीं जारी हुआ तो ये सभी काउंसलिंग का हिस्सा नहीं बन पाएंगे।
विज्ञापन
विज्ञापन

परीक्षा नियंत्रक के सामने फूट-फूटकर रोए छात्र

रिजल्ट जारी न होने से परेशान कई छात्र दो दिन की छुट्टी के बाद शुक्रवार को विश्वविद्यालय को परीक्षा नियंत्रक से मिलने पहुंच गए। छात्र परीक्षा नियंत्रक से जल्द रिजल्ट जारी करने की मांग करते हुए रोने लगे। बीएड प्रवेश परीक्षा में 138 रैंक पाने वाले गौरव मिश्र, 425 रैंक पाने वाले अंकित यादव, 7018 रैंक पाने वाले कमल कुमार चौबे सहित कई छात्रों ने परीक्षा नियंत्रक से मुलाकात की। इस पर परीक्षा नियंत्रक डॉ. अनिल यादव ने जल्द से जल्द परिणाम जारी करने का आश्वासन दिया।

कक्ष निरीक्षकों को जारी होगा नोटिस
ओएमआर शीट सही से न भरवाने वाले कक्ष निरीक्षकों को विश्वविद्यालय प्रशासन की तरफ से नोटिस जारी किया जाएगा। जवाब उचित न मिलने पर डिबार भी कर दिया जाएगा। परीक्षा नियंत्रक डॉ. अनिल यादव ने बताया कि प्रत्येक ओएमआर शीट में पूरी जानकारी हो, इसकी जिम्मेदारी कक्ष निरीक्षक की होती है। ऐसी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी को नोटिस जारी कर उन्हें डिबार करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

कई कॉलेजों ने प्रैक्टिकल तक नहीं कराए  
परीक्षा नियंत्रक डॉ. अनिल यादव ने बताया कि प्रयागराज, फतेहपुर, उन्नाव, हरदोई सहित कई जिलों के करीब 50 कॉलेज ऐसे हैं जिन्होंने स्नातक के छात्रों की अभी तक प्रैक्टिकल परीक्षा ही नहीं कराई है। इन कॉलेजों को भी नोटिस भेजा जा रहा है। उचित जवाब न मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें