कानपुर। बिठूर और नरवल थाना क्षेत्रों में शनिवार व रविवार को फर्नीचर कारीगर और किसान की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। बिठूर के तात्याटोपेनगर स्थित फुलवारी के पास रविवार सुबह फर्नीचर कारीगर प्रमोद सविता (34) की करंट से मौत हो गई। वह रामदेवीपुरम, मंधना में पत्नी जूली, दो बेटों शौर्य और युग के साथ रहते थे।
छोटे भाई गोरे ने बताया कि प्रमोद ठेकेदार ओमप्रकाश के साथ सतीश के घर पर रविवार सुबह फर्नीचर का काम कर रहे थे। घर के बाहर लगी फुलवारी की फेंसिंग के पास लघुशंका करने गए। तभी फेंसिंग में दौड़ रहे करंट की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। परिजन ने ठेकेदार और मकान मालिक के खिलाफ लापरवाही का आरोप लगाते हुए बिठूर थाने में तहरीर दी है। बिठूर इंस्पेक्टर अशोक कुमार सरोज ने बताया कि जांच की जा रही है।
इसी प्रकार नरवल के लक्ष्मणपुर गांव निवासी अरविंद कुमार यादव (54) की शनिवार देर रात फर्राटा पंखा ठीक करते वक्त उसमें उतरे करंट की चपेट में आकर उनकी मौत हो गई। नरवल इंस्पेक्टर अनिल कुमार सिंह ने बताया कि जांच की जा रही है।