रूरा। बनीपारा-रूरा मार्ग पर रामपुर गांव के सामने बृहस्पतिवार रात सड़क पार कर रहे फर्नीचर कारीगर को वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर आई पुलिस ने जांच-पड़ताल कर टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश कर रही है।
डगराहा ग्राम पंचायत के मजरा रामपुर निवासी रोहित शर्मा (30) पास के जिनई गांव में लकड़ी की दुकान पर फर्नीचर बनाने का काम करते थे। पिता रामप्रसाद शर्मा ने बताया कि बृहस्पतिवार रात करीब आठ बजे रोहित काम खत्म कर ऑटो से घर लौट रहा था। गांव के सामने ऑटो से उतरने के बाद वह पैदल सड़क पार करने लगा। इसी दौरान बनीपारा की ओर से आ रहे तेज रफ्तार वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए। रोहित का शव देखकर पत्नी कविता शर्मा, बेटियां सानवी और काव्या तथा भाई पंकज बदहवास हो गए। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। थानाध्यक्ष सुधीर भारद्वाज ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।