कल्याणपुर थाना क्षेत्र में यूनिवर्सिटी के पास शुक्रवार सुबह पेट्रोल पंप के कैशियर शिवकरन सिंह से 2.23 लाख रुपये की लूट हो गई। रकम में सभी नोट 1000 और 500 के हैं। शिवकरन कानपुर देहात के सिकंदरा स्थित पेट्रोल पंप से कैश लेकर कल्याणपुर स्थित ऑफिस लेकर जा रहा था। कैशियर के बार-बार बयान बदलने के चलते पुलिस घटना को संदेश की नजर से देख रही है।
विकासनगर निवासी आरपी सिंह का सिकंदरा के रसधान में पेट्रोलपंप है। शिवकरन रोजाना एक दिन का कैश लाकर शहर में बने ऑफिस मेें जमा करता है। शिवकरन के मुताबिक शुक्रवार सुबह भी वह दो लाख 23 हजार रुपये लेकर कल्याणपुर जा रहा था। विजय नगर चौराहे पर उतरकर वह रावतपुर पहुंचा। इसके बाद टेंपो से कल्याणपुर पहुंचा। सुबह करीब 10:30 बजे यूनिवर्सिटी से पहले जीटी रोड पर उतरा और पैदल ही रामा डेंटल की ओर जाने लगे। तभी बाइक सवार दो युवक हाथ से बैग छीनकर रामा डेंटल की ओर भाग निकले।
एक युवक से लिफ्ट लेकर उसने पीछा भी किया लेकिन उनका पता नहीं चला। इसके बाद उसने ऑफिस पहुंचकर मालिक को सूचना दी। यहीं से कंट्रोल रूम में भी फोन किया गया। सीओ कल्याणपुर संजीव दीक्षित और एसओ राजदेव प्रजापति ने मौके पर पहुंचकर पूछताछ की। एसओ ने बताया कि कंट्रोल रूम में तमंचा दिखाकर लूट की सूचना दी गई थी। पूछताछ में तमंचा दिखाने से मना किया है। सीओ के मुताबिक लूट की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।