कोरोना संकट के चलते उपजे हालातों के बीच भाजपा मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल के एक वर्ष में किए गए कार्यों का ब्योरा जनता तक पहुंचाएगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पत्र 11 से 15 जून तक भाजपा की ओर से चलाए जाने वाले परिवार संपर्क अभियान के तहत घर-घर दस्तक देकर सौंपा जाएगा।
इस अभियान के तहत सोशल डिस्टेंसिंग के साथ ही मास्क/गमछे का इस्तेमाल करते हुए सभी आवश्यक नियमों का पालन भी किया जाएगा। भाजपा जिलाध्यक्ष सौरभ मिश्रा ने बताया कि 11 से 15 जून के बीच भाजपा के सभी जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी, कार्यकर्ता विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक मंडल के एक बूथ पर जाएंगे।
सभी सांसद अपने-अपने क्षेत्र की हर विधानसभा क्षेत्र के एक-एक बूथ पर परिवार संपर्क करेंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से भेजे गए पत्र और पत्रकों को परिवारों तक पहुंचाएंगे। परिवार संपर्क के दौरान अधिकतम दो कार्यकर्ता ही साथ जाएंगे।
सार्वजनिक स्थलों, बस अड्डा, अस्पताल, क्वारंटीन सेंटर, हॉट स्पाट, रेड जोन, कंटोनमेंट जोन में परिवार संपर्क अभियान नहीं चलाया जाएगा। संपर्क के दौरान मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल के एक वर्ष और प्रदेश सरकार के तीन वर्ष के कार्यकाल की उपलब्धियां बताई जाएंगी। साथ ही कोरोना संकट को लेकर लोगों को जागरूक करते हुए विभिन्न वर्गों के हितों में लिए गए निर्णयों और किए गए कार्यों से भी अवगत कराया जाएगा।