बंद दरवाजे के अंदर का दर्दनाक मंजर जिसने भी देखा उसके होश उड़ गए। लोग एक दूसरे से कह रहे थे..इलाके में शायद ही ऐसी भयानक घटना पहले कभी हुई हो। पिता ने छत के रास्ते जाकर कमरे में जो देखा उसके मुंह से अनायास यही निकला...हाय रे! मुकेश ने ये कर लिया। दिल को दहला देने वाली ये घटना यूपी के जालौन जिले की है।
उरई-जालौन शहर कोतवाली क्षेत्र के पटेल नगर में एक ही फंदे से लटक कर दंपति ने जान दे दी। युवक के पिता ने जब बेटे को फंदे से लटका देखा तो खिड़की के रास्ते कमरे में पहुंचकर चाकू से साड़ी का फंदा काटा। वहीं जमीन पर उसकी बहू मृत पड़ी थी। सूचना पर सीओ संतोष कुमार और एसडीएम विकास कश्यप मौके पर पहुंचे।
कोतवाल आरके सिंह का कहना है युवक ने करीब डेढ़ साल पूर्व प्रेम विवाह किया था। दोनों के कोई संतान नहीं थी। युवक की यह दूसरी शादी थी, पहली पत्नी से भी कोई संतान नहीं थी। हो सकता है इसी से दुखी होकर दोनों ने सुसाइड की हो।
पहली पत्नी दो साल पहले ही उसे छोड़कर चली गई थी
एक ही फंदे से लटककर दंपति ने दी जान
- फोटो : अमर उजाला
नगर पालिका में सफाई कर्मी के पद पर कार्यरत श्यामलाल का बेटा मुकेश बाल्मीकि (28) भी कुछ माह से पालिका में संविदा पर सफाई कर्मी था। श्यामलाल ने बताया बुधवार सुबह करीब 11 बजे के आसपास जब वह घर पहुंचा तो देखा मुकेश के कमरे के दरवाजे भीतर से बंद है, क्योंकि बगल वाले कमरे में रहने वाले उनके बड़े बेटे सुनील व उसकी पत्नी गांव गए थे। इसलिए उन्हें मुकेश के घर पर ही भोजन करना था।
कमरा भीतर से बंद होने पर उसने छत के रास्ते से जाकर खिड़की से झांककर देखा कि मुकेश का शव पंखे से लटका था। किसी तरह वह उसी रास्ते कमरे में गए तो देखा वहीं जमीन पर उनकी बहू प्रीति (20) का भी शव पड़ा था। इस पर उसने तत्काल चाकू से साड़ी के फंदे को काटा तो बेटे के शव समेत वह भी जमीन पर गिर पड़ा। उसके चीखने पर पड़ोस के लोग भी एकत्र हो गए। सूचना पर पुलिस और फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंच गई।
कोतवाल ने बताया प्रीती के गले में फंदे के निशान हैं। हो सकता है कि पहले पत्नी ने फांसी लगाई हो, उसे फंदे से लटका देख पति ने भी फांसी लगा ली। प्रीति का मायका आगरा के सहोरा अनोठा में है। मुकेश की पहली पत्नी दो साल पहले ही उसे छोड़कर चली गई थी। दोनों ही पत्नियों से मुकेश को कोई संतान नहीं है। घर में आर्थिक तंगी जैसी कोई बात नहीं है। इसलिए हो सकता है कि संतान न होने से दुखी होकर ही दंपति ने आत्महत्या की हो।