एक शख्स ने शनिवार रात अपने दोस्त को शराब पिलाने के बाद कार में पीछे बांध दिया। लगभग एक किलोमीटर तक कार से घसीटने के बाद उसे मरा समझकर पिहानी कोतवाली क्षेत्र के कुइयां के पास छोड़कर भाग गया। परिजन तलाश करते हुए मौके पर पहुंचे और घायल काे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। आरोपी और उसके एक अज्ञात साथी के खिलाफ जानलेवा हमले की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
देहात कोतवाली क्षेत्र के पंडितपुरवा निवासी बबलू राठौर (40) पिहानी चुंगी पर लोहा आदि बेचने की दुकान चलाते हैं। हरियावां थाना क्षेत्र के ग्राम भदेवरा निवासी विमलेश राठौर टायर बेचने का काम करते हैं। बबलू और विमलेश के बीच गहरी दोस्ती है। बबलू के बेटे शिवम ने बताया कि विमलेश के कुछ रुपये शाहाबाद के एक व्यक्ति पर बाकी हैं। वहां तकादा करने विमलेश अपने साथ बबलू को भी ले गए थे। वापसी में शनिवार को बबलू अपनी ससुराल और बहन के घर भी विमलेश के साथ गए थे।