मालगाड़ी का इंजन खराब होने से डाउन ट्रैक चार घंटे बाधित रहा
- फोटो : ani
कानपुर-रेलमार्ग पर मालगाड़ी का इंजन खराब होने से डाउन ट्रैक चार घंटे बाधित रहा। जिसके चलते कुशीनगर एक्सप्रेस, अमृतसर कटिहार एक्सप्रेस, एलकेएम पैसेंजर, समर स्पेशल एक्सप्रेस, एलटीटी समेत 13 ट्रेनें प्रभावित रहीं। इन ट्रेनों को कानपुर से लेकर बीच के अन्य स्टेशनों पर खड़ा किया गया। इस कारण हावड़ा-नई दिल्ली रेलमार्ग की कई ट्रेनों को आउटर पर खड़ा करना पड़ा।
ट्रेन लेट होने पर साबरमती के यात्रियों ने गंगाघाट स्टेशन पर हंगामा किया। रविवार रात 11:15 बजे लखनऊ की ओर जा रही एक मालगाड़ी का इंजन सहजनी केपास फेल हो गया। मालगाड़ी के चालक ने कंट्रोल को इंजन फेल होने की जानकारी दी। करीब 11:50 बजे साबरमती एक्सप्रेस गंगाघाट रेलवे स्टेशन पहुंची।
इसके बाद साबरमती एक्सप्रेस के इंजन को सहजनी भेजकर मालगाड़ी को खींच कर मगरवारा रेलवे स्टेशन लाया गया। इस दौरान गंगाघाट स्टेशन पर साबरमती एक्सप्रेस के यात्रियों ने हंगामा शुरू कर दिया। आरपीएफ और जीआरपी ने यात्रियों को समझा-बुझाकर हंगामा शांत कराया।
इसके बाद रविवार देर रात 2:20 बजे साबरमती का इंजन वापस गंगाघाट पहुंचा। तड़के 3 बजे के बाद साबरमती को लखनऊ को रवाना हुआ। इस दौरान गंगाघाट से लेकर कानपुर सेंट्रल के बीच कई ट्रेनें जहां की तहां खड़ी रहीं। कानपुर सेंट्रल अधीक्षक आरएनपी त्रिवेदी ने बताया कि कुशीनगर एक्सप्रेस, अमृतसर कटिहार एक्सप्रेस, एलकेएम पैसेंजर, समर स्पेशल एक्सप्रेस, एलटीटी प्रभावित रही।