- व्यापार मंडल ने बिजली की दरों पर अधिभार बढ़ाए जाने का भी बैठक में जताया विरोध
संवाद न्यूज एजेंसी
इटावा। पेट्रोल-डीजल के बढ़े दामों से बढ़ रही माल ढुलाई और बिजली की दरों पर अधिभार बढ़ाए जाने पर व्यापारियों ने चिंता व्यक्त की। उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल की बैठक में सभी ने बिजली की दरों पर बढ़ाए जाने वाले सरचार्ज के विरोध के लिए आंदोलन की भी चेतावनी दी।
बस स्टैंड के पास स्थित एक होटल में हुए बैठक में मुख्य अतिथि प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष सर्वेश सिंह चौहान ने कहा कि पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों से माल ढुलाई महंगी हो रही है। इससे व्यापार प्रभावित हो रहा है। उद्योग मंच के जिलाध्यक्ष भारतेंद्र नाथ भारद्वाज ने कहा कि रिकार्ड जीएसटी संग्रह के बाद भी व्यापारियों को कोई राहत नहीं मिल रही है।
जिलाध्यक्ष आलोक दीक्षित ने कहा कि बिजली की दरों में 10 प्रतिशत ईंधन अधिभार लगाए जाने के विरोध में 12 जून सुबह 10:30 बजे बिजली निगम के अधीक्षण अभियंता कार्यालय पर अध्यक्ष उत्तर प्रदेश राज्य विद्युत नियामक आयोग को ईंधन अधि भार हटाने के लिए ज्ञापन दिया जाएगा। प्रदेश मंत्री महिला व्यापार मंडल मंजू लता द्विवेदी, जिला महामंत्री अभय टंडन, जिला कोषाध्यक्ष कामिल कुरैशी, युवा जिलाध्यक्ष रियाज अब्बासी, लाइन पार शहर अध्यक्ष सुनील कुमार कुशवाहा, महिला जिलाध्यक्ष शकीला बेगम आदि मौजूद रहे।