देशभर में फिजिक्स को सरल तरीके से पढ़ाने के लिए प्रसिद्ध आईआईटी कानपुर से रिटायर्ड प्रो. एचसी वर्मा के साथ गुगली हो गई।     दरअसल, प्रोफेसर साहब के साथ फ्रॉड हो गया है। किसी ने उनके नाम से फर्जी ट्विटर अकाउंट बना लिया है। इस अकाउंट के जरिये लगातार अलग-अलग मुद्दों पर ट्वीट भी किए जा रहे हैं। कभी अरविंद केजरीवाल पर ट्विटर हैंडल से ट्रोल कसे जा रहे हैं तो कभी राहुल गांधी पर। कई ट्वीट मीडिया पर भी सवाल खड़े कर रहे हैं।     बड़ी संख्या में स्टूडेंटों ने अलग-अलग तरह के सामाजिक, राजनीतिक प्रश्न भी पूछे हैं। जिसमें विभिन्न इमोजी (कार्टून) का प्रयोग करते हुए जवाब दिया जा रहा है। ट्विटर हैंडल पर अपडेट्स के साथ लोगों को रिप्लाई भी किया जा रहा है। प्रो. वर्मा के रिटायरमेंट पर एक ने पूछा कि क्या आपको भी जीएसटी समझ नहीं आया? इसपर प्रो. वर्मा के अकाउंट से जवाब दिया गया कि इसीलिए मैंने पहले ही रिटायरमेंट ले लिया।   प्रो. वर्मा के नाम पर बने इस अकाउंट पर 5056 फॉलोअर हैं। इनमें बड़ी संख्या में देशभर के आईएएस, आईपीएस, उद्योगपति, इंजीनियर, डॉक्टर और बड़ी राजनीतिक हस्तियां शामिल हैं।  प्रो. एचसी वर्मा को शनिवार को यह बात मालूम हुई तो वे हैरान रह गए। उन्होंने पुलिस से शिकायत कर अकाउंट बंद कराने की बात कही। बोले, वे केवल फेसबुक यूज करते हैं। ट्विटर कौन चला रहा है इस बात की जानकारी उन्हें नहीं है। आप भी रहें सावधान आजकल फेसबुक और ट्विटर पर फर्जी अकाउंट संचालित होना आम हो गया है। इसलिए आपको खुद सावधान रहना होगा। अगर आपकी फोटो या नाम से कोई फर्जी प्रोफाइल बनाता है तो तत्काल उसकी शिकायत संबंधित सोशल नेटवर्किंग कंपनी से करें। सेटिंग में जाकर आप उसे आसानी से डिलीट भी कर सकते हैं।   - प्रो. एचसी वर्मा का फर्जी ट्विटर अकाउंट हो रहा संचालित - कई आईएएस, आईपीएस, राजनीतिक और बड़ी हस्तियां करती हैं फॉलो