कानपुर में ग्वालटोली के मकरावटगंज रतनधाम अपार्टमेंट निवासी धागा कारोबारी मनीष चोखानी से धोखाधड़ी हो गई। जालसाजों ने माल लेने के बाद 3.64 करोड़ रुपये का भुगतान नहीं किया। रुपये मांगने पर अब जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। पीड़ित ने मामले में दो कारोबारियों के खिलाफ धोखाधड़ी, धमकी समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है।
मनीष चोखानी ने बताया कि उनकी पत्नी रिंशू चोखानी के पते पर मेसर्स चोखानी यार्न नाम से रजिस्टर्ड फर्म है। उस फर्म के जरिये धागे का व्यापार करते हैं। तीन साल पहले चमनगंज के सईदाबाग निवासी तौसीफ खान से मुलाकात हुई। उसकी मेसर्स सजदा टेक्सटाइल नाम से फर्म है। उसके साथ काम शुरू किया। इसी दौरान तौसीफ ने अपने साथी नदीम कमर को भी माल दिलाने लगा। उन्होंने उनकी बताई गई अलग-अलग फर्म में चार करोड़ 71 लाख का माल भेजा।
इन लोगों ने एक करोड़ सात लाख का भी भुगतान किया। बकाया 3.64 करोड़ रुपये मांगने पर दोनों ने जान से मारने की धमकी देते हुए रुपये देने से इन्कार कर दिया। थाने में सुनवाई न होने पर पीड़ित ने ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर से गुहार लगाई। इसके बाद ग्वालटोली पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एक ही पते पर खोली गईं कई फर्म
मेसर्स हनी फैशन गारमेंट, मेसर्स सजदा टेक्सटाइल, मेसर्स केजीएन कंपनी, मेसर्स सफीक ट्रेडर्स, अलसफ होजरी, एसएम इंटरप्राइजेज, लेक्मी आर, खान होजरी में धागा मंगाकर भुगतान नहीं किया। पीड़ित कारोबारी के मुताबिक दोनों शातिरों के खिलाफ किदवईनगर, कलक्टरगंज और बादशाहीनाका थाने में रिपोर्ट दर्ज है। पता चला है कि ये सभी फर्म एक ही पते पर फर्जी तरीके से खोली गई हैं।