फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बांदा: चतुर्थ श्रेणी कर्मी ने स्कूल के कमरे में गोली मारकर जान दी, पूर्व छात्रा से फोन पर करता था बात

Sat, 29 Aug 2020 07:21 PM IST
शिखा पांडेय न्यूज डेस्क, अमर उजाला, बांदा
विज्ञापन
मौके पर मौजूद पुलिस - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
बांदा जिले के बबेरू में कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी ने तमंचे से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। बताया जाता है कि वह विद्यालय की पूर्व छात्रा से फोन पर बात करता था।
विज्ञापन


छात्रा के परिजनों ने विद्यालय आकर इसकी शिकायत की थी। इसी से क्षुब्ध होकर उसने आत्महत्या कर ली। उधर, परिजनों ने आशंका जताई है कि छात्रा के परिजनों ने हत्या की है। पुलिस का कहना है कि दोनों बिंदुओं पर जांच की जा रही है।

कोतवाली क्षेत्र के परसौली गांव का चंद्रशेखर द्विवेदी (50) पुत्र बोधन द्विवेदी कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय बबेरू में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी था। शनिवार की सुबह करीब 8 बजे वह ड्यूटी पर विद्यालय आया और साफ सफाई की।
विज्ञापन


विद्यालय का स्टाफ भी मौजूद था। कुछ देर बाद कमरे से गोली चलने की आवाज पर स्टाफ कर्मी भागकर पहुंचे तो चंद्रशेखर लहूलुहान हालत में पड़ा था। कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई। गोली उसकी कनपटी पर लगी थी।
विज्ञापन

पास में ही 315 बोर का तमंचा पड़ा था। इससे विद्यालय में हड़कंप मच गया। तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर चंद्रशेखर के भाई केवल द्विवेदी, राजा भइया, रामानंद और भतीजी अर्चना व अन्य परिजन भी आ गए।

परिजनों ने बताया कि चंद्रशेखर का परिवार सर्वोदय नगर (बांदा) में रहता है। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। उधर, पुलिस को विद्यालय स्टाफ ने बताया कि विद्यालय की एक पूर्व छात्रा से चंद्रशेखर अक्सर देर तक बातें करता था।

चर्चा है कि घटना के कुछ देर पहले छात्रा का भाई विद्यालय आया और चंद्रशेखर की शिकायत की। माना जा रहा है कि इसी से क्षुब्ध और शर्मसार होकर चंद्रशेखर ने खुद को गोली मार ली। सूचना पर एसडीएम महेंद्र प्रताप सिंह, पुलिस क्षेत्राधिकारी राजीव प्रताप सिंह व कोतवाली प्रभारी जयश्याम शुक्ला और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी हरिश्चंद्र नाथ मौके पर पहुंचे।

पुलिस ने विद्यालय कर्मियों से पूछताछ की। कोतवाली प्रभारी के मुताबिक प्रथम दृष्टया यह आत्महत्या की घटना है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि हत्या की आशंका जैसी तहरीर मिली तो उस बिंदु पर भी जांच की जाएगी। चंद्रशेखर की पत्नी पुष्पादेवी के अलावा एक पुत्र और एक पुत्री भी हैं। पूर्व विधायक विशंभर सिंह यादव, खंड शिक्षाधिकारी कैलाश सिंह भी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें