दुर्घटना में क्षतिग्रस्त कार।
- फोटो : स्रोत परिजन
कानपुर देहात। कानपुर-इटावा हाईवे पर मूढादेव गांव के पास रविवार सुबह बाइक सवार को बचाने में कार अनियंत्रित होकर दूसरी लेन में सामने से आए ट्रक से टकरा गई। हादसे में कार सवार बुजुर्ग महिला समेत पांच लोग घायल हो गए। सिकंदरा सीएचसी में डॉक्टर ने बुजुर्ग को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों को कानपुर रेफर कर दिया गया। कार सवार वृंदावन से दर्शन कर लौट रहे थे।
कानपुर के बाबूपुरवा थाना के बाबूपुरवा कॉलोनी निवासी मीरा सक्सेना (56) रविवार को बेटी पूजा मिश्रा (39) निवासी किदवई नगर और नाती-नातिन शमिष्ठा (10), उद्धव (10) के साथ परिचित की कार से चालक रुद्रांश दुबे (27) के साथ वृंदावन से आ रही थीं। कार सुबह 7 बजे सिकंदरा थाना क्षेत्र के कानपुर-इटावा हाईवे पर मूढादेव गांव के पास पहुंची। तभी अनियंत्रित होकर डिवाइडर को पार कर दूसरी तरफ से आ रहे ट्रक से भिड़ गई।
हादसे में कार सवार सभी लोग घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंचीं पुलिस ने घायलों को सिकंदरा सीएचसी पहुंचाया। वहां डॉक्टर ने मीरा को मृत घोषित कर दिया। मीरा के दामाद अमित ने बताया कि उनकी सास मीरा शुक्रवार को बेटी व नाती-नातिन के साथ वृंदावन गई थीं और वापस लौटते समय बाइक सवार को बचाने के चक्कर में हादसा हो गया। पति की मौत तीन वर्ष पहले हो चुकी है। चार बेटियां पूजा, रूचि, प्रिया और अवंतिका है, सभी की शादी हो चुकी है। बेटियां ही मीरा का भरण-पोषण करती थीं। जानकारी पर सभी का रो-रोकर बुरा हाल है। सिकंदरा थानाध्यक्ष महेश कुमार ने बताया कि सड़क हादसे में वृद्धा की मौत हुई है, परिजनों द्वारा तहरीर मिलते ही आरोपी ट्रक चालक पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।