इटावा/बकेवर। वाहन चेकिंग के दौरान दो बाइकों पर सवार चार बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़ हो गई। पुलिस ने चारों को तमंचे सहित दबोच लिया। मुठभेड़ के दौरान बदमाशों की फायरिंग से दो पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। पकड़े गए बदमाशों के पास से पुलिस को चार तमंचे व जिंदा कारतूस व खोखा बरामद हुए हैं। इनमें से एक बदमाश जसवंतनगर थाना का हिस्ट्रीशीटर है। तीन बदमाशों का आपराधिक इतिहास भी है। बदमाशों की निशानदेही पर मथुरा से चुराई गई कार बरामद की गई।
एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि चंदपुरा गांव के पास बकेवर थानाध्यक्ष विपिन कुमार मलिक फोर्स के साथ संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान दो बाइकों पर सवार चार लोग वहां से गुजरे जिन्हें पुलिस ने रोकने का प्रयास किया। चारों लोगों ने पुलिस पर फायरिंग करते हुए भागने का प्रयास किया। इसमें एक फायर दीवान संजीव के पास से गुजर गया। इससे वह बाल-बाल बच गए पुलिस ने फायरिंग करते हुए घेराबंदी करके चारों बदमाशों को दबोच लिया। पकड़े गए बदमाशों ने पुलिस को पूछताछ में अपने नाम विकास यादव उर्फ छोटू निवासी शाहजहांपुर थाना जसवंतनगर हाल निवास पता मोड़ थाना सैफई अनुराग दुबे निवासी ग्राम लरखोर थाना सैफई रंजीत कठेरिया निवासी टकैया थाना करहल जनपद मैनपुरी, मिलन पाल निवासी ककरई थाना सैफई बताएं। एसएसपी ने बताया पकड़े गए बदमाशों के पास से दो बाइकों व मथुरा से फर्जी नंबर प्लेट लगी चोरी की कार पर मिली। उन्होंने बताया कि एक कार से यहां आए थे। वारदात को अंजाम देने के प्रयास में थे। वारदात करने में कार का प्रयोग करने वाले थे लेकिन कार लवेदी क्षेत्र से आते समय खराब हो गई थी। इसीलिए दोनों बाइकों से जा रहे थे। पकड़े गए बदमाशों से चार तमंचा, चार जिंदा कारतूस व आठ खोखा बरामद हुए।