फर्रुखाबाद में गंगा स्नान करने गईं तीन बहनों सहित चार लड़कियां गंगा में डूब गईं। चीखपुकार पर खेतों में काम कर रहे लोगों ने तीन को बचा लिया। एक किशोरी का पता नहीं चला। उसकी तलाश में गोताखोर लगे रहे। नवाबगंज निवासी पंकज कुमार की कसबा की मछली मंडी में हेयर सैलून की दुकान है।
पंकज की पत्नी प्रीती करीब एक माह पूर्व राजेपुर थाना क्षेत्र के गांव भाऊपुर चौरासी अपने पिता अमर सिंह के घर गई थीं। पंकज के पांच बेटियां वैष्णवी (17), पलक (15), पारुल (12), गुड़िया (6) व तनवी (3) हैं। गुड़िया व तनवी अपनी मां के साथ ही नाना के घर आई थीं। बुधवार को वैष्णवी अपनी छोटी बहन पारुल व ताऊ की बेटी ज्योति (20) के साथ मां को बुलाने नाना अमर सिंह के घर आई थी।
गुरुवार सुबह मां ने नवाबगंज जाने की तैयारी कर ली थी। उसने बेटी से खाना खाने को कहा। इस पर उसने कहा कि वह गंगा स्नान करने जा रही है। वापस आकर भोजन करेगी। वैष्णवी के साथ श्वेता (12) पुत्री अमर सिंह, ज्योति, पारुल व गुड़िया भी गंगा स्नान करने गांव भाऊपुर चौरासी से कुछ दूरी पर गईं थीं। गंगा स्नान के दौरान वैष्णवी गहरे पानी में चली गई। श्वेता, पारुल व ज्योति भी स्नान कर रही थीं।
गुड़िया बाहर खड़ी थी। वह स्नान नहीं कर रही थी। तभी चारों लड़कियां गोते खाने लगीं। बाहर खड़ी गुड़िया के चीखपुकार करने पर आसपास खेतों में काम कर रहे लोग मौके पर पहुंच गए। उन्होंने श्वेता, ज्योति व पारुल को और सुरक्षित गंगा से बाहर निकाल लिया, लेकिन वैष्णवी का कुछ पता नहीं चला। सूचना पर पहुंचे अमर सिंह व प्रीती आदि परिजन मौके पर पहुंच गए।
तहसीलदार प्रदीप सिंह व थाना प्रभारी निरीक्षक जयंति प्रसाद गंगवार ने मौके पर परिजनों से जानकारी हासिल की। पांचाल घाट से गोताखोरों को बुलाकर वैष्णवी को दोपहर बाद तक तलाश करने में जुटे रहे, लेकिन वैष्णवी का कुछ पता नहीं चला। जानकारी मिलने पर वैष्णवी के पिता पंकज अपने परिजनों के साथ गंगा तट पर पहुंच गए।
घटनास्थल पर वैष्णवी की मां व अन्य परिजन बिलखते रहे। वैष्णवी व ज्योति नवाबगंज के जनता इंटर कालेज में कक्षा 12 में, श्वेता कक्षा तीन में, पारुल छह में, गुड़िया केजी-2 की छात्रा है। थाना प्रभारी निरीक्षक जयंति प्रसाद गंगवार ने बताया कि वैष्णवी की तलाश की जा रही है।