राजपुर (कानपुर देहात)। राजपुर के एक गेस्ट हाउस के सामने एक मई की रात बाइक सवार मां-बेटे के साथ लूट करने वाले चार बदमाश मुठभेड़ में धरे गए हैं। दो पैर में गोली लगने से घायल हुए हैं। पकड़े गए आरोपियों के पास से नकदी, कार और तमंचे बरामद हुए हैं।
राजपुर थानाध्यक्ष सनत कुमार ने बताया कि बुधवार तड़के सूचना मिली कि कुछ संदिग्ध कार सवार एक बिना नंबर की सफेद कार से भाल पुलिया से नेरा कृपालपुर मार्ग पर जा रहे हैं। इस पर पुलिस ने कार सवारों का पीछा कर घेराबंदी कर ली। पास पहुंचने पर उन्हें रुकने का इशारा किया गया तो बदमाश कार से उतरकर खेतों की तरफ भागने लगे और पुलिस पर फायर कर दिया। बचाव करते हुए पुलिस ने जवाबी फायरिंग की। इसमें दो बदमाशों के पैरों में गोली लगी और वह गिर गए। दो को दौड़ाकर पकड़ लिया गया।
गोली लगने वाले घायलों की पहचान मंगलपुर थाना क्षेत्र के जरिहा गांव निवासी शिवम पाल उर्फ ज्वाला सिंह व औरैया के तिलक नगर निवासी अरुण यादव के रूप में हुई। वहीं, पकड़े गए संदलपुर के कौरू निवासी अर्पित व देशराज हैं। मुठभेड़ में पकड़े गए चारों बदमाशों ने एक मई की रात राजपुर में मां-बेटे से बाला चैन व नगदी लूट की बात स्वीकार की है। बदमाशों के पास से 46, 800 नगदी, कुछ जेवरात, बगैर नंबर की एक कार, दो देशी तमंचा, दो जिंदा कारतूस व तीन खोखा बरामद हुए हैं।
बता दें कि राजपुर के अटल नगर निवासी दीपक ने तहरीर देकर प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इसमें बताया था कि एक मई की रात करीब दो बजे वह मां सुनीता के साथ शाहजहांपुर में एक शादी समारोह में शामिल होकर बाइक से घर लौट रहा था। भाल पुलिया के पास पहुंचने पर पीछे से आ रही बिना नंबर की एक सफेद कार में सवार बदमाशों ने बाइक रोककर तमंचों के बल पर एक हजार की नगदी और मां के पहने हुए कान के बाले व सोने की चैन लूटकर भाग गए थे। उसके बाद से पुलिस की तीन टीमें लूट की घटना के खुलासे में लगी थी। थानाध्यक्ष ने बताया कि मुठभेड़ में घायल बदमाशों का इलाज और मेडिकल परीक्षण कराने के बाद चारों को न्यायलय भेजा गया है। जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। बदमाशों ने लूट का सामान कौरू निवासी मुकुल पांडेय को बेचा था। उसकी तलाश की जा रही है।
.....................
इकदिल में हाईवे पर लूट की घटना को दिया अंजाम
राजपुर। पुलिस मुठभेड़ में पकड़े गए शातिर बदमाशों के खिलाफ अलग-अलग थानों में कई मुकदमे दर्ज है। पुलिस के मुताबिक पकड़े गए बदमाश अरुण के खिलाफ कानपुर, औरैया के अलग-अलग थानों में 30 संगीन मुकदमे दर्ज हैं। जिनमें गैगस्टर के मुकदमे भी है। वहीं, शिवम पाल पर मंगलपुर थाना में हत्या का मुकदमा दर्ज है। इन्ही बदमाशों ने तीन मई को जनपद इटावा के इकदिल में हाईवे पर लूट की घटना को भी अंजाम दिया था। इनके कब्जे से पुलिस ने कटर मशीन, छेनी और साबर बरामद किया है। (संवाद)
...........................
शौक पूरा करने के लिए करते थे लूट
पुलिस मुठभेड़ में गोली लगने से घायल शिवम पाल व अरुण ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वे अपने शौक पूरे करने और ऐशो-आराम के लिए रेकी करके लूटपाट करते थे। लूट का सामान आस-पास बेच देते थे। उससे मिलने वाली रकम को आपस में बांट लेते थे।