कानपुर। जीटी रोड पर रामादेवी से गोल चौराहे तक बनने वाले एलिवेटेड रोड का शिलान्यास 25 मई को केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी करेंगे। गुरुवार को उन्होंने सांसद रमेश अवस्थी को कार्यक्रम की सहमति दी। सांसद ने श्यामनगर में आयोजित समारोह में इसकी घोषणा की। करीब 11 किलोमीटर लंबे चार-लेन के एलिवेटेड रोड के निर्माण से जीटी रोड पर जाम से निजात मिलेगी। सबकुछ तय समय पर हुआ तो तीन साल बाद इससे चंद मिनटों में ही रामादेवी और वहां से एयरपोर्ट के साथ ही प्रयागराज, लखनऊ या इटावा राष्ट्रीय राजमार्ग में पहुंचा जा सकेगा।
जीटी रोड को शहर की लाइफलाइन माना जाता है। इससे प्रतिदिन लगभग 65 हजार से अधिक वाहन गुजरते हैं जिनमें बस, ट्रक, डंपर, कार, ऑटो और दोपहिया वाहन शामिल हैं। रोजाना करीब डेढ़ लाख लोग इस मार्ग का उपयोग करते हैं। इस व्यस्त रोड पर खासकर टाटमिल, झकरकटी में तो रोज घंटों जाम लगता है। वहीं अनवरगंज कासगंज ट्रैक पर जरीबचौकी, गुमटी, कोकाकोला, गुटैया, गीतानगर, नौ नंबर, गुरुदेव, 11 नंबर, दलहन, बगिया और कल्याणपुर क्रासिंग बंद होने से आसपास जाम लगता है। यातायात दबाव को देखते हुए एनएच पीडब्ल्यूडी ने रामादेवी चौराहे से गोल चौराहे तक एलिवेटेड रोड की डीपीआर तैयार की थी जिसे केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने मंजूरी दे दी है। परियोजना की अनुमानित लागत 988 करोड़ रुपये है और निर्माण अवधि तीन वर्ष निर्धारित की गई है। विभाग ने इसके टेंडर की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। सांसद रमेश अवस्थी ने बताया कि केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी 25 मई को रामादेवी-गोल चौराहा एलिवेटेड रोड का शिलान्यास करेंगे।