रसूलाबाद। विकास खंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत सलेमपुर मेहरा में क्षेत्र पंचायत मद से लगभग 150 मीटर लंबे नाला और इंटरलॉकिंग सड़क निर्माण कार्य का शुक्रवार को शिलान्यास किया गया। निर्माण कार्य का शुभारंभ ग्राम के बुजुर्गों द्वारा विधि-विधान से भूमि पूजन कर संपन्न हुआ।
इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता और समाजसेवी किशन दुबे ने गांव के वरिष्ठ नागरिकों को माला पहनाकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में नाला, सड़क, पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं का सशक्तीकरण उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि जनसहभागिता के माध्यम से ही गांवों का समग्र विकास संभव है। बताया कि उक्त कार्य लगभग 18 लाख रुपये की लागत से कराए जाएंगे। शिलान्यास कार्यक्रम में पप्पू दुबे, रज्जन दुबे, रामकुमार, नागेंद्र, मुकेश, राकेश, अवधेश अवस्थी, कल्लू आदि मौजूद रहे।