उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के जीएम और पूर्व रणजी खिलाड़ी रोहित तलवार का लंबी बीमारी के बाद रविवार तड़के निधन हो गया। वे 49 साल के थे। वे अपने पीछे एक पुत्र रंजय और पत्नी डा.रिति को छोड़ गए हैं।
उनके निधन की खबर सुनते ही शहर के क्रिकेट प्रेमियों, व्यवसायियों, डॉक्टरों में शोक की लहर दौड़ गई। उनका अंतिम संस्कार भैरव घाट में पुत्र रंजय ने किया।
उधर, रोहित के निधन पर इंदौर में चल रहे एमपी और यूपी के रणजी मैच में खिलाड़ियों ने काला पट्टी बांधकर मैच खेला।
रोहित तलवार वर्ष 2010 से उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के जीएम थे। वर्ष 2013 में वे एक गंभीर बीमारी से ग्रसित हो गए थे तब से उनका इलाज चल रहा था।
चार दिन पहले उन्हें गेस्ट्रो लीवर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहीं रविवार तड़के 3:30 बजे उनका निधन हो गया। भैरव घाट पर सुबह करीब 11:00 बजे उनका उनका अंतिम संस्कार किया गया।
इस मौके पर सीईओ ललित खन्ना, यूपीसीए के उपाध्यक्ष रियासत अली, एसके अग्रवाल, गोपाल शर्मा, मयंक वाजपेयी, बाबी पाठक, रोहित कोहली, शशिकांत खांडेकर, मुकेश पांडेय, जफर आलम आदि मौजूद रहे।
यूपीसीए 20 दिसंबर को करेगा शोकसभा
उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन 20 दिसंबर यानी शनिवार को दोपहर 3 बजे से कमला क्लब में शोकसभा आयोजित करेगा। यह जानकारी एसोसिएशन के सचिव राजीव शुक्ला ने दी।
उन्होंने बताया कि रोहित के निधन से यूपीसीए ही नहीं वरन भारतीय क्रिकेट को भी क्षति हुई है। उन्होंने बताया कि रोहित ने मध्यप्रदेश की रणजी टीम के लिए कुल 26 मैच खेले थे।
विदर्भ के खिलाफ शानदार 199 रनों की यादगार पारी खेली थी। वहीं कानपुर वेंटरेंस क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष अमिताभ गुप्ता ने बताया कि एसोसिएशन की रविवार को होने वाली एजीएम अगली तारीख तक के लिए रद कर दी गई है।