कानपुर। स्वरूपनगर पुलिस ने मोतीझील चौराहे पर औरंगजेब का पुतला फूंकने के मामले में बजरंग दल के पूर्व जिला संयोजक कृष्णा तिवारी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। इसके साथ ही पुलिस ने बिना अनुमति पुतला फूंकने के मामले में कृष्णा समेत 19 के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
एडिशनल सीपी हरीश चंदर ने बताया कि मंगलवार को कृष्णा तिवारी, सुमित, अनिल, आलोक ने अपने 10-15 साथियों संग मोतीझील में शिवाजी की प्रतिमा के समीप औरंगजेब का पुतला दहन किया था। वर्तमान में शांति बनाए रखने के लिए बीएनएसएस की धारा 163 लागू है। आरोपियों ने कार्यक्रम के लिए पूर्व अनुमति नहीं ली थी। वहां रास्ते पर कुछ समय के लिए आवागमन भी अवरुद्ध हो गया था।
लिहाजा मामले में स्वरूपनगर थाने के दरोगा विपिन कुमार की तहरीर पर कृष्णा और उसके साथियों पर माहौल खराब करने की कोशिश करने, आवागमन में रुकावट पैदा करने और लोक सेवक के आदेशों की अवहेलना के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की गई है। थाना प्रभारी सूर्यबली पांडेय ने बताया कि कृष्णा तिवारी पर शांतिभंग की कार्रवाई कर उसे जेल भेज दिया गया है। एडिशनल सीपी के अनुसार वर्तमान में कृष्णा तिवारी का बजरंगदल से कोई लेना देना नहीं है। विहिप नेता गौरांग के अनुसार संगठन का पुतला दहन से कोई लेना देना नहीं है।