यहां पर पुलिस दोनों पक्षों से तीन युवकों को गाड़ी में बैठाकर थाने ले जाने लगी। बताते हैं कि यह देखकर पंचायत घर पर मौजूद पूर्व प्रधान सतीश राजपूत भड़क गया और एक पक्ष के लोगों पर पंचायत घर पर लगा झंडा फाडने की बात कह पुलिसकर्मियों से उलझ गया। जबकि पुलिस जांच में झंडा सही मिला।
इसके बावजूद पूर्व प्रधान अपने समर्थकों के साथ पकड़े गए तीनों युवकों को छुड़ाने के लिए पुलिस की जीप घेर ली और इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार शर्मा से भिड़ गया, हाथापाई में इंस्पेक्टर की वर्दी फट गई। इसी बीच हिरासत में लिए गए लोग मौके से खिसक लिए। पुलिस पूर्व प्रधान को पकड़ कर थाने लाई।
शाम को प्रधान संगठन के पदाधिकारियों को घटना की जानकारी मिली तो आरोपी पूर्व प्रधान सतीश राजपूत की पत्नी लखनापुर की प्रधान अल्पना राजपूत के साथ संगठन के पदाधिकारी थाने में जमा हो गए और धरने पर बैठ गए। मामला बढ़ता देख सीओ सुरेंद्र नाथ पहुंचे। प्रधानों ने सतीश को छोड़े जाने की मांग की। रात साढ़े 11 बजे तक प्रधान थाने गेट के बाहर डटे रहे। इस सीओ ने उन्हें समझाया।
गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए सीओ सुरेंद्र नाथ, कई थानों की पुलिस एवं पीएसी जवानों ने गांव लखनापुर में गश्त की। दिबियापुर थाने के इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि दरोगा कालीचरण की तहरीर पर पूर्व प्रधान सतीश समेत 15 अन्य के खिलाफ शराब पीकर सरकारी कार्य में बाधा, इंस्पेक्टर एवं पुलिस से अभद्रता करने, अभियुक्तों को पुलिस की गिरफ्त से छुड़ा लेने की रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय भेजा जा रहा है।
पूर्व में दर्ज मामलों को खंगालने में जुटी पुलिस
पुलिस के साथ हाथापाई एवं वर्दी फाड़े जाने की घटना के बाद पुलिस आरोपी के खिलाफ पूर्व में दर्ज मामलों को खंगालने में जुट गई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार पूर्व प्रधान के खिलाफ वर्ष 2012 में कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज हुई थी। वर्ष 2021 में गांव की एक विवाहिता को उत्पीड़ित करने के मामले में संलिप्तता के आधार पर रिपोर्ट दर्ज हुई थी।
जबकि वर्ष 2019 मे धोखाधड़ी के एक मामले में रिपोर्ट दर्ज हो चुकी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार एक अन्य मामले में भी पूर्व प्रधान की संलिप्तता प्रकाश में आई है। पुराने मामलों में भी पुलिस कड़ी कार्यवाई करने की फिराक में है। इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार शर्मा के अनुसार पुराने मामलों की भी पड़ताल की जा रही है। नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।