कानपुर। साड़ी खरीद कर ऑटो से घर जा रही पूर्व सैन्यकर्मी की पत्नी के जेवर वाला पर्स साथ बैठी महिला सवारियों ने पार कर दिया। ऑटो से उतरने पर महिला को पर्स चोरी होने का पता चला।
सैनिक विहार कोयलानगर निवासी पूर्व सैन्यकर्मी प्रेम शंकर शुक्ला की पत्नी सावित्री रविवार को किदवईनगर हनुमान मंदिर के पास दुकान से साड़ी खरीद कर ऑटो से घर लौट रही थीं। ऑटो में एक 10 साल की बच्ची के साथ दो महिलाएं बैठी थीं। रास्ते में बच्ची ने उलटी आने की बात कही।
आपाधापी में साथ बैठी महिलाओं ने मौका देखकर सावित्री का पर्स गायब कर दिया। ऑटो वाला उन्हें विराटनगर पुलिस चौकी के सामने उतारकर चला गया। महिला के मुताबिक पर्स में सोने की चेन और दो हजार रुपये नकद थे। नौबस्ता इंस्पेक्टर संतोष कुमार सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर आरोपों की जांच की जा रही है।