ओलावृष्टि से बर्बाद हुई फसल के सदमे से कस्बे के बुधौली गांव में एक किसान की मौत हो गई। बुधौली निवासी संजय कटियार ने बताया कि उसके पिता रामसनेही (58) के नाम पर 18 बीघे कृषि-भूमि है।
गेहूं, धनियां, लाही, चना, मटर व सब्जियों की फसलें बोई थीं। बेमौसम बारिश से ज्यादातर फसलें बर्बाद हो गईं, सरकारी सहायता भी नहीं मिली।
इसी बात से वह परेशान थे। गत मंगलवार की रात सीने में तेज दर्द के साथ उनकी हालत बिगड़ गई। सीएचसी से जिला अस्पताल ले जाया गया।
वहां से रेफर किए जाने पर कानपुर ले जाते वक्त रास्ते में उनकी मौत हो गई। उपजिलाधिकारी मोहनसिंह ने बताया कि राजस्व निरीक्षक और लेखपाल को भेजा गया है। रिपोर्ट मिलने पर आर्थिक सहायता दिलाने के लिए कार्रवाई की जाएगी।