रैगवां में शहीद श्यामबाबू को श्रद्धाजंलि अर्पित करते निवर्तमान जि.पं.अध्यक्ष रामसिंह यादव, सदस्
- फोटो : AKBARPUR
डेरापुर (कानपुर देहात)। शहीद श्यामबाबू की दूसरी पुण्यतिथि पर रविवार को बड़ी संख्या में लोग जुटे और श्रद्धांजलि दी। निवर्तमान जिला पंचायत अध्यक्ष राम सिंह यादव व पूर्व जिला पंचायत सदस्य हर्षवर्धन सिंह ने शहीद की प्रतिमा का अनावरण किया। इस दौरान मौजूद लोगों की आंखें नम हो गई। बाद में लोगों ने शहीद की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए।
डेरापुर कस्बे के नुनारी गांव का मजरा रैगवां निवासी सीआरपीएफ जवान श्यामबाबू 14 फरवरी 2019 में पुलवामा आतंकी हमले के दौरान शहीद हो गए थे। दूसरी पुण्यतिथि पर रविवार सुबह से भीड़ जुटने लगी। निवर्तमान जिला पंचायत अध्यक्ष राम सिंह यादव, पूर्व जिला पंचायत सदस्य हर्षवर्धन सिंह, एसडीएम ऋषिकांत राज्यवंशी, सीओ आशा पाल सिंह आदि ने दो मिनट का मौन रखा। शहीद के पिता रामप्रसाद भाई कमलेश ने शांति पाठ व हवन पूजन किया। रामसिंह यादव व हर्षवर्धन सिंह ने शहीद की प्रतिमा का अनावरण किया। परिवार सहित मौजूद लोगों की आंखें नम हो गई। इस दौरान लोगों ने भारत माता की जय, श्यामबाबू अमर रहे के नारे लगाए। समाजसेवी कंचन मिश्रा ने जरूरतमंदों को कंबल वितरित किए। इस दौरान तहसीलदार लाल सिंह, अपना दल के जिलाध्यक्ष मुकेश पटेल, प्रबुद्ध श्रमशील, हिम्मत सिंह यादव आदि मौजूद रहे। अकबरपुर कस्बे में अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद व राष्ट्रीय बजरंग दल ने पद यात्रा निकाली। अटेवा की ओर से अकबरपुर व झींझक में कैंडल मार्च निकाला गया। इस दौरान जिला सह संयोजक प्रताप भानु सिंह गौर अभिषेक मिश्रा, अनुराग पाठक, मंजुल शुक्ला, प्रसांत अवस्थी, गौरव शुक्ला, अंकित शुक्ला आदि रहे।
प्रतिमा से लिपटकर रोयी मां
शहीद श्यामबाबू की दूसरी पुण्यतिथि पर प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम किया गया। प्रतिमा का अनावरण होते ही शहीद बेटे की प्रतिमा को देख मां कैलाशी देवी बिलख पड़ी। पत्नी रूबी देवी, पिता राम प्रसाद, भाई कमलेश फफक-फफक कर रोने लगे। वहां मौजूद लोगों ने सभी को समझाया।