कानपुर। ग्रीनपार्क स्टेडियम एक बार फिर अनौपचारिक क्रिकेट मुकाबले की मेजबानी करने जा रहा है। 30 सितंबर से भारत और ऑस्ट्रेलिया-ए के बीच तीन वनडे मैचों की सीरीज होगी। ग्रीनपार्क इससे पहले भी एक अनौपचारिक मैच की मेजबानी कर चुका है। यह जानकारी बीसीसीआई के पूर्व स्कोरर सौरभ चतुर्वेदी ने दी। उन्होंने बताया कि 1996 में भारत-ए और दक्षिण अफ्रीका-ए के बीच चार दिवसीय मैच खेला गया था। उस समय अफ्रीका की टीम में मखाया नतिनी भी शामिल थे जो आगे चलकर अपने देश के दिग्गज गेंदबाज बने।
सौरभ बताते हैं कि उस मैच को देखने स्टेडियम में मुश्किल से 25 दर्शक ही पहुंचे थे। इस बार माहौल बिल्कुल अलग है। शहर में क्रिकेट प्रेमियों का उत्साह देखते हुए आयोजक प्रति मैच 10 से 15 हजार दर्शकों को बैठाने की तैयारी कर रहे हैं। वहीं लखनऊ के इकाना स्टेडियम में हाल ही में भारत-ए और ऑस्ट्रेलिया-ए के बीच खेले गए चार दिवसीय मुकाबले में दर्शकों की कमी देखने को मिली। पचास हजार क्षमता वाले स्टेडियम में मुफ्त प्रवेश देने के बावजूद महज 20-25 दर्शक ही पहुंचे। इसके उलट ग्रीनपार्क में होने वाले मुकाबलों के प्रति दर्शकों का उत्साह टूर्नामेंट डायरेक्टर डॉ. संजय कपूर के प्रयासों का नतीजा माना जा रहा है।
ग्रीनपार्क स्टेडियम में आगामी तीन वनडे मैचों की सीरीज को लेकर शुक्रवार को तैयारियां तेजी पर रहीं। कर्मचारियों ने मैदान में सफाई करने के साथ की टूटी हुई कुर्सियों के स्थान पर नई लगाईं। यह काम देर शाम तक चलता रहा। इसके अलावा पुरानी कुर्सियों को पेंट करने का काम देर रात तक हुआ।