मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दो दिनों तक धर्मनगरी में रुके। इस दौरान उनका भोजन और नाश्ता बेहद सादगी वाला रहा। इसके लिए अधिकारियों को कई बार बाजार के चक्कर लगाने पड़े।
भोजन में लौकी व भिंडी की सब्जी के साथ तवे वाली रोटी
सीएम योगी आदित्यनाथ
- फोटो : अमर उजाला
चित्रकूटः मुख्यमंत्री दो दिनों तक धर्मनगरी में रहे इस दौरान उनका बेहद सादगी वाला भोजन व नाश्ता रहा। बिना प्याज लहसुन वाले भोजन में दोपहर को लौकी व भिंडी की सब्जी के साथ तवे वाली रोटी खाई। भगवा वस्त्र धारी मुख्यमंत्री के लिए कमरे से लेकर बाथरूम तक के कपड़े भगवा रंग के ही उपलब्ध कराए गए। इसके लिए अधिकारियों को कई बार बाजार के चक्कर लगाने पड़े।
कमरे से लेकर मंच तक सब भगवामय
सीएम योगी आदित्यनाथ
- फोटो : अमर उजाला
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगमन से लेकर रवानगी तक प्रशासन उनके लिए हर व्यवस्था करने के लिए एड़ी चोटी का जोर लगाए रहा। डाक बंगले के रूम नंबर एक के बाथरूम के कमोड को हटाकर शीट वाला बनाया गया। रूम नंबर दो भी रिजर्व रखा गया। बैठकर नहाने के लिए प्लास्टिक का पाटा और भगवा रंग की तौलिया रखी गई। कमरे में भगवा रंग के चद्दर और कुर्सी में भगवा रंग की तौलिया डाली गई। किसान कर्ज माफी प्रमाण पत्र वितरण के दौरान भी मंच पर उनके लिए भगवा रंग की अलग कुर्सी लगाई गई थी।
दो दिनों तक भोजन व नाश्ते में बेहद सादगी रही। रविवार की रात को लौकी व भिंडी की सब्जी के अलावा अरहर की दाल, पकौड़ी वाली कढ़ी, गाय के दूध का छेना और गेहूं-चने की तवे पर सिकी रोटी खाई। सोमवार की सुबह कामतानाथ मंदिर से लौटने के बाद फेश जूस (अनार व मुसम्मी), मूंग के दाल की पकौड़ी, दलिया व मठ्ठा का सेवन किया।