बुंदेलखंड के महोबा में एक बार फिर रिश्ते कलंकित हो गए। एक कलयुगी मां ने अपनी ही 12 साल की बेटी का 45 हजार रुपये में सौदा कर एक 35 वर्ष के युवक को बेंच दिया। कलयुगी मां की इस करतूत से मां की ममता भी शर्मसार हो गई। नाबालिग किसी तरह जब युवक के चंगुल से छूटकर अपने परिजनों के पास पहुंची, तो कलयुगी मां की करतूत सुनकर सभी दंग रह गए। नाबालिग ने अपनी आप बीती अपने चाचा और दादा को बताई। इसके बाद वे बच्ची को लेकर एसपी महोबा के पास पहुंचे और मुकदमा दर्ज कराया।
जिस मां के आंचल में बच्चे अपने को महफूज समझते हैं, उसी मां ने अपनी ही बेटी का न केवल युवक को बेच दिया, बल्कि अपनी पोल खुलते ही अपने प्रेमी के साथ भाग गई।
दरअसल थाना खरेला के ग्राम कुआं में रहने वाले शिवविशाल की मृत्यु के बाद उसकी पत्नी रानी एक दिन अपनी लड़की और दो लड़को को लेकर रिश्तेदारों की शादी में शामिल होने के बहाने गई थी। जहां उसने हमीरपुर जनपद निवासी 35 वर्षीय सुनील को अपनी 12 साल की बेटी 45 हजार रुपये में बेंच दिया।
खरीददार के चंगुल से किसी तरह छूटकर आई बालिका ने अपने चाचा और दादा को घटना की जानकारी दी थी। बालिका ने परिजनों के साथ थाना खरेला में सूचना दी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की थी। बुधवार को बालिका ने चाचा और दादा के साथ शिकायती पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई थी।
इस मामले में मां समेत तीन लोगों के खिलाफ थाना खरेला में मुकदमा दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह के आदेश पर की गई।
गुरुवार को पुलिस अधीक्षक के आदेश पर थाना खरेला पुलिस ने बेटी को बेचने वाली मां , सहयोगी रामपाल आरख निवासी मवई थाना खन्ना और खरीददार सुनील कुमार पुत्र शिवदास निवासी गांव खंडेह थाना मौदहा जनपद हमीरपुर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। थानाध्यक्ष रमेशचंद्र ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर मां सहित तीन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।