माई सिटी रिपोर्टर
कानपुर। महाराजपुर के सरसौल में उगाही को लेकर फूड इंस्पेक्टर की करतूत सामने आने के बाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। व्यापारी से एक लाख रुपये की धमकी देकर वसूली करने के आरोप में फूड इंस्पेक्टर अनिल पाल को आयुक्त डॉ. रोशन जैकब ने 10 दिसंबर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
व्यापारी राजेश गुप्ता ने शिकायत करते हुए बताया था की 4 दिसंबर को खाद्य इंस्पेक्टर 3 लोगों के साथ दुकान में घुस आया और जबरन सैंपल भरने लगा। फिर बोला इसका एक लाख का जुर्माना बनेगा। इसके बाद दुकान पर नोटिस चिपका दिया और साथ आए व्यक्ति ने कहा नोटिस हटवाना है तो 20 हजार दो, नहीं तो एक लाख भरना पड़ेगा। पीड़ित के मुताबिक, दबाव बनाकर 6,000 रुपये कैश, 4,000 रुपये ऑनलाइन और 500 रुपये ड्राइवर को दिलवाए गए। पैसे अंशुल सिंह के खाते में ट्रांसफर कराए गए। व्यापारी ने पूरी घटना की शिकायत खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन आयुक्त डॉ. रोशन जैकब से की, जिसके बाद विभाग ने फूड इंस्पेक्टर को तुरंत निलंबित कर उगाही की शर्मनाक हरकत पर लगाम लगा दी।