लंबे समय से बंद कानपुर-बंगलूरू के लिए सीधी फ्लाइट आगामी 28 मार्च से फिर शुरू हो सकती है। हवाई जहाज संचालन कंपनी स्पाइस जेट और एयरपोर्ट अथॉरिटी अहिरवां की तरफ से इसकी तैयारी चल रही है। 2019 में करीब तीन महीने के लिए इस सीधी फ्लाइट का संचालन किया गया था। लेकिन बाद में इसमें अवरोध आ गया।
बताया जा रहा है कि अब इस पर फिर से काम शुरू हो रहा है। स्पाइस जेट कंपनी जल्द ही इसके लिए नया विमान खरीदने जा रही है। स्पाइस जेट के अनुसार फ्लाइट का शेड्यूल 15 दिन पहले जारी होगा। इसके अलावा कानपुर-कोलकाता के बीच फ्लाइट संचालन पर भी काम हो रहा है। माना जा रहा है कि बंगलूरू के बाद कोलकाता के लिए फ्लाइट का शेड्यूल जारी होगा।
दिल्ली, मुंबई की फ्लाइट समय से आई-गईं
मौसम ठीक होने से अहिरवां एयरपोर्ट से रविवार को दो शहरों दिल्ली और मुंबई के लिए तीन फ्लाइट समय से आई और गईं। कानपुर-अहमदाबाद की सेवा रविवार होने से बंद रही। इस फ्लाइट का शेड्यूल सप्ताह में सिर्फ छह दिनों के लिए है। 78 सीटर यह विमान सोमवार से शनिवार के बीच संचालित होता है।