प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना (पीएमएमवीवाई) के संबंध में लोगों में जागरूकता लाने के लिए कानपुर में आज से 5 जुलाई तक विशेष अभियान पखवाड़ा शुरू होगा। इस योजना के तहत पहली बार गर्भवती महिला को तीन किस्तों में पांच हजार रुपये का अनुदान दिया जाता है।
इसके साथ ही जननी सुरक्षा योजना का लाभ भी प्रसूता को मिलेगा। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अशोक शुक्ला ने बताया कि 20 जून से पांच जुलाई तक विशेष अभियान चलाकर पात्र गर्भवती और धात्री महिलाएं को लाभान्वित किए जाने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। उन्होंने बताया कि गर्भवती और उसका बच्चा स्वस्थ रहे, इसके लिए प्रदेश में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना चलाई जा रही है।
सीएमओ डॉ. शुक्ला ने बताया कि अनुदान राशि तीन किस्तों में सीधे लाभार्थी के बैंक खाते में भेजी जाती है। इसके लिए लाभार्थी का गरीबी रेखा के नीचे होना जरूरी नहीं है। यदि किसी महिला को पहली और दूसरी किस्त मिल गई और दुर्भाग्य से शिशु की मौत हो जाती है तो दूसरी बार गर्भवती होने पर उसे तीसरी किस्त मिल जाएगी।
उन्होंने बताया कि जनवरी 2017 से जून 2019 तक 53486 लाभार्थियों का लक्ष्य रखा गया है। अब तक 18486 महिलाओं को इस योजना का लाभ मिल चुका है। महिलाएं नगरीय स्वास्थ्य केंद्रों, आशा, एएनएम से संपर्क करके इसका फार्म प्राप्त कर सकती हैं।
पहली किस्त
- किसी भी सरकारी यूनिट में डेढ़ सौ दिनों के भीतर पंजीकरण आवश्यक। पहली किस्त में एक हजार रुपये एकाउंट में आते हैं।
दूसरी किस्त
- गर्भावस्था के 180 दिन बाद, कम से कम प्रसव पूर्व की एक जांच के दस्तावेज प्रपत्र बी के साथ जमा करने होंगे। खाते में दो हजार रुपये की किस्त आती है।
तीसरी किस्त
- शिशु जन्म का पंजीकरण, प्रथम चक्र टीकाकरण के दस्तावेज प्रपत्र सी के साथ जमा करने पर दो हजार रुपये की किस्त खाते में आती है।