घटना की जांच करने घटनास्थल पर पहुंची पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
कोतवाली क्षेत्र में हाईवे से सटे रानी लक्ष्मीबाई मोहल्ले में एक घर के भीतर पांच लोगों की हत्या कर दी गई। मृतकों में चार लोग एक ही परिवार के सदस्य हैं। पांचवीं उनके घर आई रिश्तेदार बच्ची थी। पांच हत्याओं से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
हत्या की वजह घर में ही मानकर पुलिस की शक की सुई नजदीकियों पर ही टिक गई है। पांच हत्याओं की वारदात कलक्ट्रेट की सेवा से रिटायर्ड चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी नूरबख्श के घर में हुई। थाना बिवांर के बिहूंनी गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने के बाद नूरबख्श बृहस्पतिवार रात घर में घुसे तो भीतर परिवार के लोगों के शव अलग-अलग स्थितियों में पड़े नजर आए।
पूरे घर में एक के बाद एक बिखरी हुईं थी लाशें, फर्श पर फैला था खून
हत्या का शिकार हुए लोगों में नूरबख्श की मां शकीना (85), नूरबख्श का बेटा रईस (28), रईस की पत्नी रोशनी (25), रईस की बेटी आलिया (03), नूरबख्श की बेटी गुड़िया की बेटी रोशनी (11) शामिल थीं। सभी के सिर पर शरीर पर धारदार हथियार या पत्थर जैसी भारी चीज से हमले के निशान थे।
घर के अंदर एक बेड पर नूरबख्श की बहू रोशनी और उसकी बेटी का खून से लथपथ शव पड़ा था। घर के पीछे की ओर फर्श पर नूरबख्श की मां शकीना, नूरबख्श के बेटे रईस और रईस की भांजी रोशनी के शव पड़े थे। नूरबख्श की चीख सुनकर पड़ोस से एक चिकित्सक घर में पहुंचे।
उन्होंने शव देखकर अनुमान जताया कि हत्या करीब तीन-चार घंटे पहले हुई हैं। एक घर में पांच हत्याओं की जानकारी पर पूरा मोहल्ला एकत्र हो गया। परिवार और रिश्तेदारों में कोहराम मच गया। कोतवाली पुलिस के पीछे-पीछे पुलिस अधीक्षक हेमराज मीणा पहुंचे। मौका मुआयने के बाद अपर पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया हत्या के पीछे पारिवारिक विवाद महसूस हो रहा है। फिलहाल हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।
दो शादी की थी नूरबख्श ने
परिवार और आसपास के लोगों से पूछताछ में पुलिस को जानकारी मिली है कि नूरबख्श ने दो शादियां की थीं। वारदात के केंद्र में नूरबख्श की पहली पत्नी का बेटा और बहू आए हैं। दूसरी पत्नी और बेटा शहर में ही कालपी चौराहे पर अलग मकान में रहते हैं। हत्या का शिकार हुआ नूरबख्श का बेटा रईस ट्रक ड्राइवर है। दूसरी पत्नी का बेटा भी ट्रक चलाता है। पुलिस दूसरी पत्नी व बेटे से भी पूछताछ की तैयारी में है।